Sat. May 18th, 2024

    बिहार में बुधवार को मकर संक्रांति पर दोनों राजनीतिक गठबंधनों की ओर से ‘दही-चूड़ा भोज’ का आयोजन किया गया। राजग और महागठबंधन दोनों खेमों ने इस बहाने अपनी राजनीतिक एकजुटता दिखाने की कोशिश की, लेकिन जद(यू) के भोज में राजद के एक विधायक के पहुंचने से महागठबंधन को धक्का तो लगा है। सत्ताधारी जनता दल (युनाइटेड) के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह की ओर से आयोजित भोज में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी सहित राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के नेता तो पहुंचे ही, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के विधायक फराज फातमी भी शामिल हुए।

    फातमी के राजग के भोज में शामिल होने के सवाल पर महागठबंधन के घटक दल विकासशील इंसान पार्टी के अध्यक्ष मुकेश सहनी ने कहा, “आज त्योहर का दिन है और कोई भी कहीं भी आ-जा सकता है। इसमें कोई समस्या नहीं है। महागठबंधन और महागठबंधन के नेता पूरी तरह एकजुट हैं।”

    राजद नेता और दरभंगा जिले के केवटी क्षेत्र से विधायक फराज फातमी ने भी हालांकि इस मौके पर कहा कि इस भोज में उनके शामिल होने को सियासत नजर से नहीं देखा जाना चाहिए, लेकिन इस दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की उनके द्वारा की गई तारीफ की तरफ से भला कौन अपनी नजरें मोड़ सकता है।

    पूर्व केंद्रीय मंत्री अली अशरफ फातमी के पुत्र फराज फातमी ने पत्रकारों से कहा, “नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) और एनआरसी पर विधानसभा में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार स्पष्टता से बात कर चुके हैं। इसके बाद इस मामले को लेकर कोई बात बचती नहीं है।”

    उन्होंने कहा कि तेजस्वी अब क्यों विरोध कर रहे हैं, यह वहीं बता पाएंगे। उन्होंने इस दौरान मुख्यमंत्री के जल-जीवन-हरियाली अभियान की भी जमकर तारीफ की।

    फातमी ने इस भोज में शामिल होने के सवाल पर कहा, “जद(यू) अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह के यहां से बुलावा आया था, इसलिए यहां आए हैं। आज राजनीति का वक्त नहीं है। आज पर्व का दिन है।”

    इस मौके पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार के लोगों को मकर संक्रांति की बधाई देते हुए कहा, “मकर संक्रांति के मौके पर सभी लोगों को शुभकामना देते हैं। वशिष्ठ भाई को बधाई और धन्यवाद देता हूं, जो वषरें से मकर संक्रांति के मौके पर सभी को चूड़ा-दही खिलाते हैं।”

    मकर संक्रांति के मौके पर कांग्रेस अध्यक्ष मदन मोहन झा ने भी पार्टी के प्रदेश कार्यालय में दही-चूड़ा भोज का आयोजन किया। यहां महागठबंधन के सभी नेताओं ने एकजुटता दिखाने की कोशिश की। इस भोज में राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा, हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा के अध्यक्ष जीतन राम मांझी, राजद के तेजस्वी यादव, विकासशील इंसान पार्टी के मुकेश सहनी सहित कई नेता उपस्थित रहे।

    भाजपा के विधान पार्षद रजनीश कुमार ने भी दही-चूड़ा भोज का आयोजन किया, जिसमें राजग के कई नेताओं ने हिस्सा लिया।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *