Sun. May 19th, 2024
    modi nitish kumar

    पटना, 23 मई (आईएएनएस)| बिहार में 40 लोकसभा सीटों में से शुरुआती रुझान में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने विपक्षी दलों के महागठबंधन पर बढ़त बना ली है। शुरुआती रुझानों के मुताबिक, 40 सीटों में से 34 सीटों पर राजग ने बढ़त बना ली है जबकि महागठबंधन दो सीटों पर आगे है।

    बिहार में विपक्षी महागठबंधन में शामिल कई दलों के प्रमुख नेता प्रारंभिक रुझानों में पिछड़ते नजर आ रहे हैं। महागठबंधन में शामिल हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) के जीतन राम मांझी जहां गया से पिछड़ रहे हैं, वहीं राष्ट्रीय लोकसमता पार्टी (रालोसपा) के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा दोनों सीटों काराकाट और उजियारपुर से पीछे चल रहे हैं।

    इस चुनाव में रालोसपा अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा काराकाट और उजियारपुर से महागठबंधन के प्रत्याशी हैं। राज्य निर्वाचन विभाग के सूत्रों के मुताबिक, कुशवाहा काराकाट सीट से राजग के प्रत्याशी महाबली सिंह से करीब 10000 से ज्यादा मतों से पीछे चल रहे हैं, वहीं उजियारपुर में वह राजग प्रत्याशी भाजपा के प्रदेध अध्यक्ष नित्यांनद राय से 30 हजार से ज्यादा मतों से पीछे चल रहे हैं।

    इधर, हम के प्रमुख जीतन राम मांझी भी गया सीट से राजग प्रत्याशी विजय मांझी से 27 हजार से अधिक मतों से पिछड़े हुए हैं।

    जन अधिकार पार्टी के प्रमुख राजेश रंजन भी मधेपुरा से पिछड़ते हुए तीसरे नंबर पर चल रहे हैं। जबकि विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के प्रमुख मुकेश सहनी भी खगड़िया से प्रारंभिक रूझानों में पिछड़ते जा रहे हैं।

    उल्लेखनीय है कि इस चुनाव में कांग्रेस, राजद, हम, रालोसपा सहित कई छोटी पार्टियों ने राजग से मुकाबले के लिए महागठबंधन बनाया था।

    एनडीए ने महागठबंधन पर बनाई बढ़त

    चर्चित लोकसभा सीट बेगूसराय में राजग के प्रत्याशी केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह 20 हजार से ज्यादा मतों से आगे चल रहे हैं।

    राज्य निर्वाचन कार्यालय के सूत्रों ने यहां बताया कि बिहार की बेगूसराय सीट पर जेएनयू छात्र संघ के नेता और वामपंथी दलों के साझा उम्मीदवार कन्हैया कुमार से 20,000 से अधिक मतों आगे चल रहे हैं। इसके अलावा पटना साहिब से राजग प्रत्याशी केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कांग्रेस प्रत्याशी शत्रुघ्न सिन्हा पर शुरुआती बढ़त बना रखी है, वहीं पाटलिपुत्र से राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद की पुत्री मीसा भारती शुरुआती रुझान में पीछे चल रही हैं।

    दरभंगा से भारतीय जनता पार्टी के गोपालजी ठाकुर अपने निकटतम प्रतिद्वंदी राजद के अब्दुलबारी सिद्दीकी से 9,000 मतों से आगे हैं। वहीं बांका में जद (यू) के गिरधारी यादव राजद के जयप्रकाश यादव से करीब 1000 मतों से आगे हैं।

    गया (सु) लोकसभा क्षेत्र से राजग के विजय कुमार मांझी अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा के जीतन राम मांझी से 4000 से अधिक मतों से आगे चल रहे हैं।

    By पंकज सिंह चौहान

    पंकज दा इंडियन वायर के मुख्य संपादक हैं। वे राजनीति, व्यापार समेत कई क्षेत्रों के बारे में लिखते हैं।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *