Sun. May 19th, 2024
    priyanka gandhi

    नई दिल्ली, 2 मई (आईएएनएस)| कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी अपनी पार्टी की उम्मीदवार व पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के लिए राष्ट्रीय राजधानी में प्रचार करेंगी। प्रियंका गांधी इन दिनों अपने भाई व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी व अपनी मां सोनिया गांधी के लिए उत्तर प्रदेश में प्रचार अभियान में व्यस्त हैं।

    कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने आईएएनएस से कहा, “प्रियंका गांधी उत्तर पूर्व दिल्ली में शीला दीक्षित के लिए 5 मई को रोड शो करेंगी।”

    शीला दीक्षित, ‘आप’ के दिलीप पांडेय व भाजपा सांसद मनोज तिवारी के खिलाफ त्रिकोणीय मुकाबले में खड़ी हैं।

    23 जनवरी को कांग्रेस महासचिव के तौर पर नियुक्ति के बाद यह प्रियंका गांधी का दिल्ली में पहला प्रचार अभियान होगा।

    कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा उम्मीदवारों के लिए रामलीला मैदान में 8 मई को होने वाली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली के जवाब में पार्टी 9 व 10 मई को प्रियंका गांधी की रैली कराने पर विचार कर रही है।

    पार्टी नेता ने कहा कि उत्तर प्रदेश में प्रियंका गांधी के प्रचार अभियान से मिली सकारात्मक प्रतिक्रिया के बाद उन्हें दिल्ली लाने का फैसला किया गया है।

    उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी का रोड शो दिल्ली में खासकर उत्तर पूर्व दिल्ली में पार्टी के लिए एक गेम चेंजर साबित होगा, जहां मनोज तिवारी सीलिंग मुहिम के कारण सत्ता विरोधी लहर का सामना कर रहे हैं।

    कांग्रेस राष्ट्रीय राजधानी में अपने प्रचार अभियान में सीलिंग के मुद्दे को व्यापक तौर पर उठा रही है और उसने सत्ता में आने के एक महीने के भीतर इस सीलिंग को खत्म करने का वादा भी किया है।

    केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को मनोज तिवारी व पूर्वी दिल्ली के भाजपा उम्मीदवार गौतम गंभीर के लिए शहर के शास्त्री पार्क इलाके में एक जनसभा को संबोधित किया था।

    पार्टी नेता ने कहा कि राजनाथ सिंह की जनसभा में और वसंत कुंज में अमित शाह की सभा में लोगों की कम उपस्थिति रही। इससे उम्मीद जगी है कि लोग राष्ट्रीय राजधानी में भगवा पार्टी का समर्थन नहीं कर रहे हैं।

    अमित शाह ने नई दिल्ली से भाजपा उम्मीदवार मीनाक्षी लेखी व दक्षिण दिल्ली से उम्मीदवार रेमेश बिधुड़ी के लिए बुधवार को यह सभा की थी।

    दिल्ली में इन दोनों जनसभाओं में ज्यादातर कुर्सियां खाली रहीं।

    राष्ट्रीय राजधानी में चुनाव छठें चरण में 12 मई को निर्धारित हैं।

    By पंकज सिंह चौहान

    पंकज दा इंडियन वायर के मुख्य संपादक हैं। वे राजनीति, व्यापार समेत कई क्षेत्रों के बारे में लिखते हैं।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *