Tue. May 7th, 2024
kejriwal sisodiya

नई दिल्ली, 14 मई (आईएएनएस)| आम आदमी पार्टी (आप) ने पश्चिमी दिल्ली में अपनी बेटी के साथ छेड़छाड़ का विरोध करने पर एक व्यक्ति की चाकुओं से गोदकर हत्या करने के आरोपियों के खिलाफ मंगलवार को कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।

दिल्ली के मुख्यमंत्री व आप नेता अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया, “दिल्ली पुलिस दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करे।”

पुलिस के मुताबिक, यह व्यक्ति शनिवार रात अपनी बेटी व बेटे के साथ अस्पताल से लौट रहा था, जब उसके पड़ोस के कुछ युवकों ने लड़की पर अश्लील टिप्पणियां कीं।

जब पिता व पुत्र ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने दोनों को बुरी तरह पीटा और चाकुओं से इन पर कई बार वार किया।

लड़की के पिता की अस्पताल में मौत हो गई, जबकि बेटे को गंभीर चोटें आईं हैं। पुलिस ने मामले में चार युवकों को गिरफ्तार किया है।

आप नेता संजय सिंह ने कहा कि इस मामले की सुनवाई त्वरित अदालत में होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मामले में आरोपी अपराधी हैं और वे खुले में घूम रहे थे। यह घटना नहीं होती अगर वे जेल में होते। यह दिखाता है कि दिल्ली में कानून-व्यवस्था की स्थिति कितनी बुरी है।

दिल्ली पुलिस का नियंत्रण केंद्रीय गृह मंत्रालय के पास है।

By पंकज सिंह चौहान

पंकज दा इंडियन वायर के मुख्य संपादक हैं। वे राजनीति, व्यापार समेत कई क्षेत्रों के बारे में लिखते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *