Sun. Oct 6th, 2024

    लाल किला हिंसा के प्रमुख आरोपियों में शामिल दीप सिदधू को आज सुबह पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। दीप सिद्धू को गिरफ्तार किया जा चुका है। दीप सिद्धू गणतंत्र दिवस के दिन हुई हिंसा में प्रमुख आरोपियों की सूची में शामिल है। हिंसा के दौरान दीप सिद्धू ने फेसबुक लाइव वीडियो भी किया था और आरोप है कि उसी के बाद दंगे और ज्यादा भड़कने और उग्र होने शुरू हुए। उसके बाद से दीप सिद्धू की गिरफ्तारी की कोशिशें की जा रही थी लेकिन वह छुपा हुआ था और लगातार अपने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर रहा था। वह पुलिस को गिरफ्तारी नहीं दे रहा था।

    दीप सिद्धू पर एक लाख रुपए का इनाम भी घोषित था। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने सुबह-सुबह दीप सिद्धू को गिरफ्तार किया है। एक लाख का इनामी दीप सिद्धू गणतंत्र दिवस के बाद से ही अंडर ग्राउंड चल रहा था। पुलिस ने उसे ढूंढने की बहुत कोशिश की लेकिन आज जाकर वह गिरफ्तार हो पाया है। इसी बीच दीप सिद्धू ने अपने सोशल मीडिया पर लगातार अपने खिलाफ लगे आरोपों के विरोध में वीडियो जारी किए हैं। साथ ही किसान नेताओं के खिलाफ भी कुछ बयान दिया था। दीप सिद्धू किसान आंदोलन से शुरू से ही जुड़ा रहा था और लगातार किसानों को भड़का रहा था।

    गणतंत्र दिवस के दिन भी उसने एक भड़काऊ वीडियो जारी किया। वह फेसबुक लाइव के जरिए लोगों से जुड़ा और उसने लोगों को और उग्र किया। इसके बाद वे आंदोलन स्थल छोड़कर भाग गया था। दीप सिद्धू पर किसानों को भड़काने और उन्हें हिंसा के लिए उकसाने का आरोप है। दिल्ली में उसके खिलाफ एफआईआऱ भी दर्ज है। दीप सिद्धू पंजाबी एक्टर भी रह चुका है और साथ में खबर है कि वह बॉलीवुड एक्टर सनी देओल का मैनेजर भी रह चुका है। दीप सिद्धू के अलावा बूटा सिंह, सुखदेव सिंह, जयवीर सिंह व इकबाल सिंह पर भी ₹50,000 का इनाम है।

    ये लोग दिल्ली में गणतंत्र दिवस के दौरान हुई हिंसा को भड़काने में प्रमुख आरोपी माने जा रहे हैं। इनके अलावा और भी कई लोग हैं जिनको गणतंत्र दिवस हिंसा में नामजद किया गया है और उनकी तलाश जारी है। दीप सिद्धू ने अपने खिलाफ जारी हुए बयानों, आरोपों और एफआईआर के बाद अपने बचाव में लगातार भ्रामक वीडियोज़ डाले थे। वह खुद को निर्दोष बता रहा था।

    दीप सिद्धू ने कहा था कि उसे भगोड़ा घोषित किया जा रहा है लेकिन वह दिल्ली के अंदर ही है। साथ ही उसने किसान नेताओं पर भी आरोप लगाया था कि वह किसान नेताओं की सारी हकीकत जानता है। और यदि उसे बदनाम करने की कोशिश की गई तो वह किसान नेताओं की भी पोल खोल सकता है। अब दिल्ली पुलिस दीप सिद्दू से पूछताछ कर लाल किला हिंसा के पीछे जिन भी लोगों का हाथ है, उनका पता लगा सकती है। साथ ही इन सब के पीछे के मास्टरमाइंड कभी पता लगाया जा सकेगा। दिल्ली पुलिस आज दोपहर 12 बजे दीप सिद्धू की गिरफ्तारी को लेकर प्रैस कॉन्फ्रेंस भी कर सकती है।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *