Sat. May 4th, 2024
DIGVIJAY SINGH

मध्य प्रदेश के भोपाल संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने शनिवार को नामांकन दाखिल किया। सिंह पैदल चलकर निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय पहुंचे और उन्होंने अपना नामांकन दाखिल किया।

दिग्विजय सिंह पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी के आवास से जिलाधिकारी कार्यालय के लिए पैदल रवाना हुए। उनके साथ कांग्रेस के तमाम नेताओं के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे। सिंह ने जिला निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय में नामांकन दाखिल किया।

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय नामांकन से पहले झरनेश्वर मंदिर पहुंचे और वहां उन्होंने पूजा-अर्चना की। उसके बाद उन्होंने शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती के दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस मौके पर उनके साथ उनकी धर्मपत्नी अमृता सिंह भी थीं।

ज्ञात हो कि भोपाल में सिंह के खिलाफ भाजपा ने मालेगांव बम विस्फोट की आरोपी साध्वी प्रज्ञा ठाकुर को उम्मीदवार बनाया है। इस सीट के लिए मतदान 12 मई को होना है। प्रज्ञा 23 अप्रैल को नामांकन भरने वाली हैं।

इससे पहले भोपाल में भाजपा नें आरोप लगाया कि कांग्रेस प्रज्ञा ठाकुर को सभा आयोजित करने की अनुमति नहीं दे रही है।

भोपाल से सांसद आलोक संजर ने संवाददाताओं से कहा, “बीते कई घंटों से हमारे पदाधिकारी सभा की अनुमति के लिए अतिरिक्त जिलाधिकारी (एडीएम) के कार्यालय में हैं, मगर अनुमति नहीं दी जा रही है।” उन्होंने जिला प्रशासन पर कांग्रेस की राज्य सरकार के दबाव में काम करने का आरोप लगाया।

संजर ने कहा, “जिला प्रशासन उन्हें सभा की अनुमति नहीं दे रहा है। ऐसे में प्रज्ञा ठाकुर पार्टी के वरिष्ठ अधिकारियों के घर-घर जाकर जनसंपर्क कर रही हैं। कांग्रेस में प्रज्ञा ठाकुर के उम्मीदवार बनाए जाने से बौखलाहट है, लिहाजा वह प्रशासन पर दवाब बना रही है।”

By पंकज सिंह चौहान

पंकज दा इंडियन वायर के मुख्य संपादक हैं। वे राजनीति, व्यापार समेत कई क्षेत्रों के बारे में लिखते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *