BJP

अगरतला, 1 जून (आईएएनएस)| त्रिपुरा के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री सुदीप रॉय बर्मन (53) को उनके खराब प्रदर्शन के आधार पर पद से हटाया गया। यह बात भाजपा के एक नेता ने शनिवार को कही।

दूसरी तरफ इंजीनियर से राजनेता बने बर्मन ने कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब के निर्णय को स्वीकार कर लिया है और वह पार्टी के लिए काम करेंगे।

भाजपा की त्रिपुरा इकाई के प्रवक्ता नबेंदु भट्टाचार्य ने कहा, “मंत्री के रूप में उनके प्रदर्शन और पार्टी में उनकी भूमिका की समीक्षा करने के बाद मुख्यमंत्री और पार्टी अध्यक्ष बिप्लब कुमार देब ने बर्मन को मंत्री पद से हटा दिया।”

भट्टाचार्य ने कहा कि पंचायत चुनाव के बाद मुख्यमंत्री अपने मंत्रिपरिषद का विस्तार और उसमें फेरबदल कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी खराब प्रदर्शन और अनुशासनहीनता के खिलाफ है।

बर्मन को हटाए जाने के बाद त्रिपुरा में मंत्रियों की संख्या घटकर 12 के मुकाबले आठ हो गई है।

मुख्य सचिव कुमार आलोक ने शुक्रवार रात एक अधिसूचना में कहा था, “सुदीप रॉय बर्मन को मंत्रिपरिषद से हटा दिया गया है। राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी ने मुख्यमंत्री की सलाह पर यह कदम उठाया है।”

बर्मन राज्य में भाजपा-आईपीएफटी (इंडीजीनस पीपुल्स फ्रंट ऑफ त्रिपुरा) सरकार के एक वास्तुकार रहे हैं। इस गठबंधन ने 2018 के विधानसभा चुनाव में वाम मोर्चा से सत्ता छीन ली थी।

मुख्यमंत्री ने हाल के लोकसभा चुनाव के पहले और चुनाव के दौरान कहा था कि सरकार और पार्टी के अंदर ही साजिशकर्ता मौजूद हैं और उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

By पंकज सिंह चौहान

पंकज दा इंडियन वायर के मुख्य संपादक हैं। वे राजनीति, व्यापार समेत कई क्षेत्रों के बारे में लिखते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *