झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए सभी पार्टियों द्वारा प्रचार शुरू कर दिया गया है। भाजपा के प्रचार के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को झारखंड के डालटनगंज में जनसभा को संबोधित किया। यह प्रधानमंत्री मोदी की झारखंड में पहली रैली थी। इस दौरान उन्होंने जनता को संबोधिक करते हुए कहा कि, “झारखंड सरकार पांच सिद्धांतों पर चल रही है, जिसमें स्थिरता, सुशासन, विकास, स्वाभिमान और राष्ट्रीय सुरक्षा शामिल है। भाजपा ने भ्रष्टाचार मुक्त पारदर्शी सरकार प्रदान की और राज्य को लूटने से बचाया।”
पीएम मोदी ने कहा कि झारखंड, खासकर पलामू, हमेशा से बीजेपी का मजबूत गढ़ रहा है। अगर आज देश भर में कमल खिल रहा है, तो यह यहां के लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं के आशीर्वाद के कारण है। यहां के लोग हमेशा ‘कमल’ के साथ खड़े हुए हैं।
जनता से भाजपा को वोट देने की अपील करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि झारखंड के लिए यह बहुत महत्वपूर्ण है कि यहां भाजपा के नेतृत्व में, एक मजबूत और स्थिर सरकार बने। बीजेपी ने झारखंड को नक्सल मुक्त करने और यहां शांतिपूर्ण माहौल बनाने का प्रयास किया है।
मोदी ने विपक्षी गठबंधन पर हमला किया, जहां कांग्रेस, झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) भाजपा के खिलाफ एक साथ चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा, “महागठबंधन सिर्फ सत्ता हथियाने के लिए बनाया गया है। अगर विपक्ष जीतता है तो राज्य को एक बार फिर अस्थिरता में डाल दिया जाएगा।”
यहां राजनीतिक अस्थिरता के कारण नक्सलवाद एक मुद्दा था। यहां सरकारें गिर जाती थी। वे लोगों की सेवा नहीं करना चाहते थे, लेकिन बस सत्ता का आनंद लेते थे। इस तरह कैसे उचित सड़कें, उद्योग और बिजली हो सकते थे, इस स्थिति को देखते हुए जो यहां थी।
पीएम मोदी ने अयोध्या मामले का जिक्र करते हुए कहा कि भगवान राम की जन्मभूमि पर विवाद का मामला कांग्रेस ने ठप कर दिया था। अगर वे चाहते, तो इसका समाधान बहुत पहले मिल सकता था। लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया, उन्हें अपने वोट बैंक की परवाह थी। कांग्रेस की ऐसी सोच ने देश को प्रभावित किया। भाजपा ने ऐसे मुद्दों को हल करने का वादा किया था और हमने अपने वादे पूरे किए। भाजपा अखंड और महान भारत के लिए काम करती है।”
उन्होंने कहा, “राम मंदिर विवाद सुलझ गया है और अब हर कोई खुश है।”