Sat. May 18th, 2024

    कांग्रेस की केंद्र सरकार के खिलाफ 14 दिसंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली ‘भारत बचाओ महारैली’ में मध्य प्रदेश से जाने वाली भीड़ जुटाने की जिम्मेदारी नेताओं को सौंपी गई है। आपसी समन्वय बनाने के लिए संभाग प्रभारी और समन्वयक नियुक्त किए गए हैं।

    कांग्रेस ने मध्य प्रदेश से ज्यादा से ज्यादा कार्यकर्ता ले जाने की योजना बनाई है। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी दीपक बावरिया पिछले दिनों भोपाल में बैठक करके सभी जिलाध्यक्षों को एक-एक हजार कार्यकर्ता ले जाने का लक्ष्य दे चुके हैं। इस तरह राज्य से लगभग 50 हजार कार्यकर्ता दिल्ली जाएंगे।

    राज्य में कार्यकर्ताओं को दिल्ली रैली में तैयार करने के लिए बैठकों का दौर जारी है। राष्ट्रीय सचिव सुधांशु त्रिपाठी छतरपुर, पन्ना, टीकमगढ़, सतना आदि स्थानों पर कार्यकर्ताओं की बैठकें कर चुके हैं। आगामी दिनों में वे भोपाल, विदिशा, रायसेन आदि स्थानों पर भी बैठकें करने वाले हैं।

    एक तरफ जहां बैठकों का दौर जारी है, वहीं पार्टी ने संभाग स्तर पर प्रभारी व समन्वयक नियुक्त किए हैं। पार्टी के प्रदेश कार्यालय ने अलग-अलग संभागों में पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री रामनिवास रावत, अजय सिंह, बिसाहू लाल सिंह, राजकुमार पटेल के अलावा एपेक्स बैंक के प्रशासक अशोक सिंह, अशोक शर्मा, अरुणोदय चौबे, पारस सखलेचा, पंकज सिंघवी, गजेंद्र सिंह राजूखेड़ी को समन्वय बनाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। हर संभाग में तीन प्रभारी व समन्वयक नियुक्त किए गए हैं।

    पार्टी द्वारा नियुक्ति समन्वयक और संभाग प्रभारियों को जिलाध्यक्ष, जिला कार्यवाहक अध्यक्ष, लोकसभा उम्मीदवार, विधानसभा उम्मीदवार, विधायक, पूर्व जिलाध्यक्ष, पंचायत प्रतिनिधि और नगरीय निकायों के अध्यक्षों के साथ बैठकें करने को कहा गया है।

    पार्टी के उपाध्यक्ष चंद्र प्रभाष शेखर ने नियुक्त समन्वयकों और संभाग प्रभारियों को ज्यादा से ज्यादा कार्यकर्ता दिल्ली ले जाने को कहा है, साथ ही बताया है कि दिल्ली से अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने भी जिलास्तर पर पर्यवेक्षक भेजे हैं, और उनसे भी संपर्क कर सहयोग लिया जा सकता है।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *