Wed. Oct 2nd, 2024
    amit shah

    नई दिल्ली, 13 जून (आईएएनएस)| भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह (Amit Shah) ने गुरुवार को कहा कि लोकसभा चुनाव में भले ही पार्टी ने 303 सीटें जीतकर अपना अभी तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है, लेकिन अभी भी पार्टी का शीर्ष पर जाना बाकी है।

    भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव भूपेंद्र यादव ने कहा, “अमित शाह ने पार्टी पदाधिकारियों से कहा कि अपने चुनावी प्रदर्शन के मामले में भाजपा अभी भी अपने चरम पर नहीं पहुंची है।”

    भाजपा मुख्यालय में पार्टी पदाधिकारियों, राज्य पार्टी प्रमुखों और अन्य लोगों के बीच भाजपा अध्यक्ष ने अपने भाषण में यह बात कही।

    यादव ने शाह के हवाले से कहा, “मैंने 2014 में भाजपा की राष्ट्रीय परिषद की बैठक में कहा था कि हमें अभी अपना मुकाम हासिल करना बाकी है। आज, मैं फिर से कह रहा हूं कि पार्टी का अभी भी अपने चरम पर जाना बाकी है।”

    शाह ने पार्टी नेताओं से कहा कि अभी भी भाजपा को लंबा रास्ता तय करना है। इसलिए उन्होंने नेताओं से आग्रह किया कि वे अपने आप को इस उद्देश्य के लिए समर्पित करें।

    वर्ष 2014 में ओडिशा के भुवनेश्वर में हुई भाजपा की दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक को संबोधित करते हुए शाह ने कहा था कि आम चुनाव के बाद कई लोगों ने घोषणा की कि भाजपा अपने चरम पर पहुंच गई है, लेकिन ऐसा नहीं था।

    शाह ने कहा कि फिर उन्होंने 2017 में (उत्तर प्रदेश सहित पांच राज्यों के चुनावों के बाद) कहा कि भाजपा अब अपने चरम पर पहुंच गई है, लेकिन ऐसा नहीं था।

    उन्होंने कहा कि भाजपा अपने चरम को तब प्राप्त करेगी, जब सभी राज्यों में भाजपा के मुख्यमंत्री होंगे और पंचायतों से लेकर संसद तक हर जगह पार्टी के ही सदस्य होंगे।

    By पंकज सिंह चौहान

    पंकज दा इंडियन वायर के मुख्य संपादक हैं। वे राजनीति, व्यापार समेत कई क्षेत्रों के बारे में लिखते हैं।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *