Fri. May 3rd, 2024
congress meeting

नई दिल्ली, 25 मई (आईएएनएस)| लोकसभा चुनाव में खराब प्रदर्शन की समीक्षा के लिए आयोजित कांग्रेस कार्यकारिणी समिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक में शामिल नेता बैठक समाप्त होने के बाद तनाव में दिखे।

पार्टी की शीर्ष निर्णय लेने वाली इकाई की 24 अकबर रोड पर बैठक हुई। इस दौरान मीडिया में कई तरह के कयास लगाए जाने लगे, जिसमें से एक कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के इस्तीफे की अटकलों ने भी जोर पकड़ लिया था।

पार्टी ने लोकसभा चुनाव में अपने खराब प्रदर्शन पर चार घंटे तक मंत्रणा की। सीडब्ल्यूसी के 23 सदस्यों में से किसी ने भी मीडिया से बातचीत नहीं की।

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, उनकी बहन व पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा बैठक समाप्त होने के तुरंत बाद कार्यालय से चले गए।

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह, वरिष्ठ पार्टी नेता अहमद पटेल, गुलाम नबी आजाद, मातीलाल वोरा, दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने भी बैठक के बारे में कुछ भी जानकारी साझा करने से इनकार कर दिया।

पार्टी के प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने भी बैठक के बारे में कुछ भी कहने से इनकार कर दिया।

हालांकि बैठक से बाहर आने के बाद उनके चेहरे तनावपूर्ण दिखे।

इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के पूरे मीडिया में इस्तीफे की खबर फैलने के कुछ ही मिनटों बाद पार्टी के प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने स्पष्ट किया कि इस मामले में कोई सच्चाई नहीं है और यह गलत खबर है।

24, अकबर रोड पर पार्टी कार्यालय के बाहर इंतजार कर रहे पत्रकारों को संदेश देते हुए सुरजेवाला ने स्पष्ट किया कि राहुल के इस्तीफे की पेशकश की रिपोर्ट गलत है।

By पंकज सिंह चौहान

पंकज दा इंडियन वायर के मुख्य संपादक हैं। वे राजनीति, व्यापार समेत कई क्षेत्रों के बारे में लिखते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *