Wed. May 8th, 2024
    सऊदी अरब

    सऊदी अरब में इस साल 2017 में कई अहम परिवर्तन देखे गए। सऊदी अरब को दुनिया के उन देशों में माना जाता है जहां पर रूढ़िवादिता, कड़े नियम, महिलाओं व मनोरंजन पर विशाल पाबंदी महत्वपूर्ण है। लेकिन साल 2017 में सऊदी अरब की फिजा में आधुनिकता व लचीलापन घुलने की महक देखी गई है।

    सऊदी अरब के कड़े नियमों व प्रतिबंधों की दुनिया में आलोचना की जाती रही है। लेकिन इस साल सऊदी में कई ऐसे बदलाव देखे गए है जिन पर एकाएक विश्वास करना काफी मुश्किल भरा लगता है।

    सऊदी अरब में महिलाओं को ड्राइव करने की अनुमति, फिल्म थिएटरों को वापस से शुरू करने की अनुमति और पर्यटन वीजा जारी करने सहित कई ऐसे महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए है। जिसे सऊदी अरब के लोगों के साथ ही दुनिया भर मे सराहा गया है।

    सऊदी अरब में आधुनिकता का आधार साल 2017 रहा है। अब इस आधार पर लग रहा है कि अगले साल भी कई बड़े महत्वपूर्ण परिवर्तनों को देखा जा सकता है। साथ ही सऊदी अरब को नया राजा भी मिल सकता है।

    सऊदी अरब किंग सलमान के बाद व उनके 32 वर्षीय महत्वाकांक्षी बेटे और उत्तराधिकारी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने दशकों के शाही परिवार के प्रोटोकॉल, सामाजिक मानदंडों और व्यवसाय करने के पारंपरिक तरीकों में महत्वपूर्ण बदलाव किए है। इस साल सऊदी अरब में क्राउन प्रिस द्वारा चलाया गया भ्रष्टाचार विरोधी अभियान को काफी सराहा गया है।

    महिलाओं को ड्राइविंग करने की अनुमति 

    गौरतलब है कि सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस ने सितंबर में आश्चर्यजनक रूप से घोषणा करते हुए कहा था कि देश में महिलाओं को ड्राइव करने की अनुमति दी जाएगी। इससे पहले साल 1990 में जब रियाद में ड्राइविंग अभियान की शुरुआत महिलाओं ने की थी तो उन्हें जबरन गिरफ्तार कर लिया था।

    जानकारी के अनुसार अगले साल जून में महिलाओं को लाइसेंस देने की योजना बनाई जा रही है। महिलाओं को गाड़ी ही नहीं बल्कि मोटरसाइकिल चलाने की भी इजाजत दी जा सकती है।

    इसके अलावा साल 2018 में सऊदी अरब महिलाओं को उन स्टेडियम मे प्रवेश करने की अनुमति मिलेगी जहां पर जाना पहले उनके लिए प्रतिबंधित था।  इसकी घोषणा इस साल ही क्राउन प्रिंस ने की थी।

    सिनेमाघरों से हटाया 37 साल पुराना प्रतिंबध

    इस महीने ही सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने सार्वजनिक सिनेमाघरों से प्रतिबंध हटाने की घोषणा की थी। साथ ही सिनेमा उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए लाइसेंस भी जारी किए जाएंगे।

    करीब 37 सालों से फिल्म सिनेमाघरों के ऊपर प्रतिबंध लगा हुआ था। क्राउन प्रिंस देश में मनोरंजन को बढावा देने के लिए सहयोग कर रहे है।

    सऊदी सिनेमाघर

    अगले साल पहला सिनेमाघर मार्च महीने में खुलने की संभावना है। इससे पहले सऊदी अरब में फिल्मों को ऑनलाइन या सैटेलाइट टीवी के माध्यम से देखा जा सकता था।

    अगर किसी को सिनेमा में फिल्म देखने जाना हो तो सऊदी अरब के लोगों को पड़ोसी देश बहरीन और संयुक्त अरब अमीरात की यात्रा करनी पड़ती थी।

    संगीत एवं कॉमिक-कॉन क्षेत्र में बढ़ावा

    सऊदी अरब में धीरे-धीरे सभी पुरानी परम्पराओं को इस साल बदला गया। पिछले साल रैपर नेली और गेम्स ऑफ थ्रोन्स के स्टार पहली बार सऊदी अरब आए थे। जॉन ट्रावोल्टा ने भी सऊदी का दौरा किया था।

    जॉन इस दौरान अपने प्रशंसकों से मिले और अमेरिकी फिल्म उद्योग के बारे में बात की। अगर कुछ साल पहले की बात की जाए तो स्थानीय धार्मिक पुलिस ने कई महिलाओं को मॉल के बाहर नेल पॉलिश लगे हुए देखने पर गिरफ्तार किया है।

    सऊदी संगीत कार्यक्रम

    इसके अलावा इन पुलिसों द्वारा उन सम्मेलनों को जबरदस्ती बंद कर दिया जाता था जहां पर पुरूष व महिलाएं साथ में शामिल होती थी।

    इस साल 2017 की शुरूआत में 1980 के दशक के बाद पहली बार सऊदी गायक मोहम्मद अबू द्वारा मनोरंजन को बढ़ावा देने के लिए संगीत कार्यक्रम आयोजित हुआ था। इसके साथ ही सऊदी अरब के बड़े शहरों में दो कॉमिक-कॉन कार्यक्रम भी आयोजित किए गए थे।

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की ऐतिहासिक सऊदी यात्रा

    इस साल अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने सऊदी अरब की ऐतिहासिक यात्रा की थी। सऊदी अरब ने ट्रम्प की यात्रा को भव्य बनाने के लिए रेड कार्पेट बिछाया था। अमेरिका व सऊदी अरब के बीच में करीब 110 बिलियन डॉलर के हथियारों सौदों पर हस्ताक्षर भी हुए थे।

    सऊदी ट्रम्प दौरा

    दौरे के दौरान ट्रम्प ने किंग व उनके बेटे क्राउन प्रिंस के साथ सऊदी के पारंपरिक तलवार नृत्य का भी लुत्फ उठाया था। यहां से ट्रम्प ने मुस्लिम देशों के नेताओं को अपने भाषण से आकर्षित भी किया था।

    मोहम्मद बिन सलमान सिंहासन के अगले प्रबल वारिस

    इस साल सऊदी किंग सलमान के बेटे क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने अपने चचेरे भाई प्रिंस मोहम्मद बिन नायेफ को अगले राजा बनने की दौड़ में पीछे कर दिया है।

    प्रिंस नायेफ पहले घरेलू सुरक्षा व आतंकवाद प्रतिरोध में लंबे समय तक अमेरिका का साथ देने वाले आंतरिक गृहमंत्री थे। लेकिन इन्हें हटाकर मोहम्मद बिन सलमान को नियुक्त किया गया।

    मोहम्मद बिन सलमान

     

    सऊदी विश्लेषकों और पर्यवेक्षकों के मुताबिक अगले साल सऊदी अरब को क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान के रूप में नया राजा मिल सकता है।

    सऊदी अरब की सभी प्रमुख निर्णयों को क्राउन प्रिंस द्वारा ही लिया जाता है। अपने भ्रष्टाचार विरोधी अभियान के तहत दर्जनों राजकुमारों, राजनेताओं व दिग्गज हस्तियों को हिरासत में भी डालने का श्रेय क्राउन प्रिंस को ही जाता है।

    पड़ोसी देशों के साथ रहा संकटपूर्ण व्यवहार  

    सऊदी अरब प्रशासन के इस साल अपने पडोसी देशों के साथ संबंध तनावपूर्ण रहे है। ईरान व सऊदी अरब के बीच में तनाव काफी गहराया हुआ है। दोनों ही देशों की तरफ से इस साल कई बार हमले किए गए है।

    सऊदी कतर विवाद

    ईरान का साथ देने वाले कतर के खिलाफ भी सऊदी अरब ने कदम उठाए। संयुक्त अरब अमीरात, मिस्त्र व बहरीन ने भी कतर के खिलाफ कठोर कदम उठाए। वहीं लेबनान व सऊदी के बीच में लेबनान पीएम के इस्तीफे देने को लेकर तनाव देखा गया।

    बिकिनी एवं पर्यटन को बढ़ावा

    सऊदी अरब प्रशासन अगले साल से पर्यटन वीजा जारी करना शुरू करेगा। साथ ही अर्ध-स्वायत्त लाल समुद्र का निर्माण भी करेगा। यहां पर आने वाले पर्यटकों को ड्रेस (बिकिनी) पहनने पर किसी तरह के सख्त नियमों का पालन नहीं करना पड़ेगा।

    सऊदी अरब समुद्र

    अधिकाधिक विदेशी पर्यटकों व निवेश को आकर्षित करने के लिए क्राउन प्रिंस ने निवेश सम्मलेन का भी आयोजन किया था। इसके साथ ही पहले के सऊदी शासकों पर कठिन प्रतिबंधों के लिए आरोप भी लगाए।