Fri. Mar 29th, 2024
    हिमाचल प्रदेश: कांग्रेस के सत्ता में आते ही एक लाख युवाओं को नौकरी और कर्मचारियों के लिए ओल्ड पेंशन स्कीम बहाल, प्रियंका गांधी ने किया घोषणा

    हिमाचल के सोलन में कांग्रेस पार्टी की पहली ‘परिवर्तन प्रतिज्ञा’ रैली में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी बीजेपी पर हमलावार हुई। प्रियंका गांधी ने मंच से घोषणा किया कि वह 10 गारंटियां दे रही हैं। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस सत्ता में आई तो यह 10 गारंटी हिमाचल में लागू किया जाएगा।

    प्रियंका गांधी ने कहा, कांग्रेस सत्ता में आते ही पहली कैबिनेट मीटिंग में 2 बड़े फैसले लिए जाएंगे- पहला, राज्य के एक लाख युवाओं को नौकरियां देना और दूसरा, कर्मचारियों के लिए ओल्ड पेंशन स्कीम बहाल करना।

    प्रियंका ने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आई तो पहले ही फैसले में राज्य के एक लाख रिक्त पड़े पदों को भरने की मंजूरी दी जाएगी। पांच साल के कार्यकाल में पांच लाख युवाओं को रोजगार प्रदान किया जाएगा। सरकार अपने दूसरे फैसले में ओल्ड पेंशन स्कीम को बहाल कर राज्य के दो लाख कर्मचारियों फायदा पहुंचाएगी।

    प्रियंका ने हिमाचल प्रदेश में 5 साल से सरकार चला रही भाजपा को घेरा। प्रियंका ने कहा कि भाजपा सरकार ने लोगों को देने की बजाय उनसे छीनने का काम किया। उन्होंने कहा कि, “आज भाजपा सरकार के पास कर्मचारियों को पेंशन देने के लिए पैसे नहीं है मगर उद्योगपतियों के लोन माफ करने के पैसे है। भाजपा सरकार ने रोजगार के लिए कोई योजना नहीं बनाई। युवाओं को रोजगार नहीं दिया और पुलिस भर्ती में घोटाला किया।”

    हिमाचल के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह का जिक्र करते हुए प्रियंका ने कहा कि उन्होंने प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा काम किया। वीरभद्र सिंह की बदौलत ही कांग्रेस काल में प्रदेश का विकास हुआ।

    प्रियंका ने कहा कि पहाड़ की महिलाओं का जीवन बड़ी कठिन परिस्थितियों से गुजरता है। हिमाचल की महिलाएं मां बगलामुखी, ज्वालाजी और मां नयना देवी की शक्ति के साथ काम करती हैं। इसलिए कांग्रेस ने तय किया है कि हिमाचल में पार्टी की सरकार बनने पर महिलाओं को हर महीने 1500 रुपए दिए जाएंगे।

    प्रियंका गांधी ने अपने भाषण का अंत लोगों को परिवर्तन की प्रतिज्ञा दिलाकर किया। भाषण खत्म होने के साथ ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ‘प्रियंका नहीं आंधी है, दूसरी इंदिरा गांधी है’ के नारे लगाए।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *