Sat. Apr 20th, 2024
    हिमाचल प्रदेश चुनाव

    कांग्रेस पार्टी के सितारे आजकल गर्दिश में चल रहे हैं। एक तरफ जहाँ केंद्रीय नेतृत्व असरविहीन होता जा रहा है वहीं राज्य इकाइयों में लगातार फूट पड़ती नजर आ रही है। गुजरात कांग्रेस में पड़ी फूट राष्ट्रपति चुनावों के वक़्त सतह पर आ गई, वहीं आजकल बिहार कांग्रेस में बगावत के आसार नजर आ रहे हैं। इस कड़ी में अब अगला नाम हिमाचल प्रदेश का जुड़ गया है। वीरभूमि के नाम से प्रसिद्द हिमाचल प्रदेश में फिलहाल कांग्रेस की ही सरकार है। कुछ महीनों बाद ही हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने हैं और उसके ठीक पहले पार्टी दो धड़ों में बँटती नजर आ रही है। हिमाचल कांग्रेस के 27 विधायकों ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के समर्थन में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गाँधी को चिट्ठी लिखी है।

    वीरभद्र सिंह को माना नेता

    नाराजगी स्वरुप यह चिट्ठी कांग्रेस के कद्दावर नेता और हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने राज्य के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंदर सिंह के खिलाफ लिखी है। कांग्रेस के 27 विधायकों ने इसका समर्थन किया है। उन्होंने कहा है कि आगामी विधानसभा चुनाव वो वीरभद्र सिंह के नेतृत्व में ही लड़ेंगे। इस मसले पर शिमला में कांग्रेसी विधायकों की बैठक हुई। बैठक में तय किया गया कि वीरभद्र सिंह जैसे कद और व्यक्तित्व वाला कोई भी नेता हिमाचल प्रदेश में नहीं है। ऐसे में उनके बिना विधानसभा चुनावों में जीत हासिल नहीं की जा सकती। विधायकों ने कहा है कि पार्टी आलाकमान को इस मसले को सुलझाना होगा और विधानसभा चुनावों में पार्टी की बागडोर वीरभद्र सिंह को सौंपनी होगी।

    हिमाचल कांग्रेस में फूट
    विधायकों ने लिखा सोनिया गाँधी को खत

    भावनात्मक है वीरभद्र की चिट्ठी

    24 अगस्त को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गाँधी को लिखी चिट्ठी में हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने लिखा है कि वह पंडित नेहरू के समय से ही कांग्रेस से जुड़े हैं। अपने 60 सालों के राजनीतिक जीवन में उन्होंने देश के सभी कांग्रेसी प्रधानमंत्रियों के साथ कार्य किया है। आगे उन्होंने लिखा है कि पार्टी के आलाकमान द्वारा हिमाचल प्रदेश में नियुक्त किए गए प्रदेशाध्यक्ष सुखविंदर सिंह की गतिविधियों से वे बेहद हताश हैं। उन्होंने लिखा है कि सुखविंदर सिंह हिमाचल प्रदेश में पार्टी संगठन को समाप्त करने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने हिमाचल कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष को पद से हटाए जाने की मांग की है। साथ ही उन्होंने चुनाव ना लड़ने और पार्टी विधायकों को चुनाव ना लड़वाने की भी धमकी दी है।

    हिमाचल कांग्रेस में फूट
    27 विधायकों ने किए हस्ताक्षर

    हिमाचल कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का समर्थन किया है। पार्टी विधायकों की बैठक में उन्होंने वीरभद्र सिंह को अपना नेता माना है और खुले तौर पर कहा है कि आगामी विधानसभा चुनाव वे वीरभद्र सिंह के नेतृत्व में ही लड़ेंगे। 24 अगस्त को मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह द्वारा कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गाँधी को लिखी गई चिठ्ठी के बाद अगले ही दिन कांग्रेस विधायकों ने बैठक की थी। अब 27 विधायकों ने अपने हस्ताक्षर वाली चिट्ठी वीरभद्र सिंह की चिट्ठी के साथ कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गाँधी को भेजी है। वीरभद्र सिंह का समर्थन करने वालों में हिमाचल कांग्रेस की वरिष्ठ नेता आशा कुमारी, विद्या स्टोक्स और जी एस बाली भी शामिल हैं।

     

    By हिमांशु पांडेय

    हिमांशु पाण्डेय दा इंडियन वायर के हिंदी संस्करण पर राजनीति संपादक की भूमिका में कार्यरत है। भारत की राजनीति के केंद्र बिंदु माने जाने वाले उत्तर प्रदेश से ताल्लुक रखने वाले हिमांशु भारत की राजनीतिक उठापटक से पूर्णतया वाकिफ है।मैकेनिकल इंजीनियरिंग में स्नातक करने के बाद, राजनीति और लेखन में उनके रुझान ने उन्हें पत्रकारिता की तरफ आकर्षित किया। हिमांशु दा इंडियन वायर के माध्यम से ताजातरीन राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर अपने विचारों को आम जन तक पहुंचाते हैं।