Fri. Apr 19th, 2024
    evm

    चंडीगढ़, 23 मई (आईएएनएस)|

    हरियाणा की सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) राज्य की 10 लोकसभा सीटों में से नौ सीटों पर आगे चल रही है, जबकि कांग्रेस रोहतक सीट पर आगे चल रही है।

    शुरुआती दो घंटे के मतगणना के बाद प्राप्त रुझानों में केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह(गुरुग्राम) और कृष्ण पाल गुज्जर (फरीदाबाद) अपने प्रतिद्वंदियों से आगे चल रहे हैं।

    पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता भूपिंदर सिंह हुड्डा सोनीपत में पीछे चल रहे हैं।

    हालांकि उनके बेटे और रोहतक से सांसद दीपेंद्र सिह हुड्डा रोहतक में बढ़त बनाए हुए हैं।

    गाजियाबाद : केंद्रीय मंत्री वी.के. सिंह 50 हजार वोटों से आगे

    गाजियाबाद लोकसभा सीट पर केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता जनरल वी.के. सिंह अपने करीबी प्रतिद्वंद्वी सपा-बसपा गठबंधन प्रत्याशी सुरेश बंसल से लगभग 50,000 वोटों से आगे चल रहे हैं।

    सिंह को 14वें राउंड की मतगणना के बाद 1,23,349 मत मिल चुके हैं जबकि बंसल को सिर्फ 65,563 मत मिले हैं। कांग्रेस उम्मीदवार डॉली शर्मा को अभी तक 10,798 मत मिले हैं।

    10 लोकसभा सीटों पर मतगणना शुरू

    हरियाणा की सभी 10 संसदीय सीटों पर गुरुवार को कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना शुरू हो गई है। चुनाव अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

    बूथ कैप्चरिंग के आरोपों के बीच राज्य में लोकसभा के छठें चरण के तहत 12 मई को 69.74 प्रतिशत मतदान हुआ था।

    गुरुवार को 11 महिलाओं समेत कुल 223 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होगा।

    मुख्य चुनाव अधिकारी राजीव रंजन ने आईएएनएस से कहा कि यहां लगभग 1,05,859 सर्विस वोटर हैं।

    उन्होंने कहा कि मतगणना के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 39 स्थानों पर 90 मतगणना केंद्रों पर मतगणना की जा रही है।

    पुलिस महानिदेशक मनोज यादव ने कहा कि रोहतक, सोनीपत, झज्जर, भिवानी, सिरसा और हिसार जिलों में कानून व्यवस्था कायम रखने के लिए अर्धसैनिक बलों की 10 अतिरिक्त कंपनियां तैनात की गई हैं।

    मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और उनके पूर्ववर्ती तथा कांग्रेस नेता भूपिंदर सिंह हुड्डा के लिए यह ‘करो या मरो’ का मुकाबला है।

    भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), कांग्रेस तथा ओम प्रकाश चौटाला की भारतीय राष्ट्रीय लोक दल (आईएनएलडी) राज्य की तीन प्रमुख पार्टियां हैं।

    By पंकज सिंह चौहान

    पंकज दा इंडियन वायर के मुख्य संपादक हैं। वे राजनीति, व्यापार समेत कई क्षेत्रों के बारे में लिखते हैं।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *