Thu. Mar 28th, 2024
    r k saini bjp

    बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की हरियाणा यूनिट ने लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर कोई कसर ना छोड़ते हुए बड़ा फैसला लेने की संभावना जताई है।

    पार्टी ने शुक्रवार को यह इशारा किया है कि वह भारतीय राष्ट्रीय लोकदल (INLD) के साथ अपने 10 महीने पुराने गठबंधन को खत्म करने जा रही है। इसी के साथ ही बसपा अब बागी भाजपा नेता आरके सैनी के साथ मिलने जा रही है।

    इस बाबत जानकारी देते हुए बसपा के राज्य प्रमुख प्रकाश भारती ने मीडिया से बात करते हुए यह बताया है कि ‘पार्टी जल्द ही INLD के साथ चल रहे गठबंधन के संबंध में कोई बड़ा फैसला लेगी। इसी के साथ ही हमने फिलहाल सैनी जी की पार्टी से जुडने का फैसला लिया है।’

    गौरतलब है कि INLD को हाल ही में जींद में हुए उपचुनाव में भाजपा के हाथों कड़ी हार का सामना करना पड़ा था, इसी के बाद से ही बसपा का आईएनएलडी के ऊपर से भरोसा उठा गया है।

    वहीं दूसरी ओर भाजपा के बागी नेता आरके सैनी ने पिछले वर्ष ही लोकतन्त्र सुरक्षा पार्टी (LSP) का गठन किया था। इसी के साथ ही एलएसपी के प्रत्याशी ने जींद उपचुनाव में आईएनएलडी के प्रत्याशी से बेहतर प्रदर्शन कर के दिखाया था।

    भारती ने मीडिया को बताया है कि आईएनएलडी के साथ गठबंधन को लेकर आगे लिए जाने वाले निर्णय के संबंध आईएनएलडी के राज्य प्रमुख अशोक अरोड़ा और अभय सिंह चौटाला को जानकारी दे दी गयी है। हालाँकि इस संबंध में अभी तक आईएनएलडी की तरफ से कोई भी बयान नहीं आया है।

    आपको बताते चलें कि कभी आईएनएलडी प्रमुख रहे ओम प्रकाश चौटाला फिलहाल शिक्षक भर्ती घोटाले के चलते जेल में सजा काट रहे हैं।

    हरियाणा में आईएनएलडी और बसपा ने पिछले साल अप्रैल महीने गठबंधन किया था। इसी के साथ दोनों पार्टियों ने मिलकर 2019 के लोकसभा चुनावों को लड़ने की बात कही थी।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *