Thu. Apr 25th, 2024
    माधुरी दीक्षित

    माधुरी दीक्षित जो नेटफ्लिक्स के लिए एक मराठी फ़िल्म प्रोड्यूस कर रही हैं ने कहा है कि 1994 में आई उनकी फ़िल्म ‘हम आपके हैं कौन’ का प्रदर्शन और भी अच्छा रहा होता यदि नेटफ्लिक्स उस समय भी उपलब्ध होता।

    नेटफ्लिक्स के ‘सी व्हाट’स नेक्स्ट इवेंट’ पर सिंगापुर में माधुरी दीक्षित द्वारा एक मराठी फ़िल्म प्रोड्यूस किए जाने की घोषणा हुई। फ़िल्म की कहानी मुंबई चौल की है जिसमें एक दिन वहां के लोगों द्वारा एक झंडारोहण समारोह का आयोजन किया जाता है। यह फ़िल्म भारत के मध्यमवर्गीय समाज के संघर्षो की कहानी है।

    माधुरी ने कहा कि,”दुनिया में दो जादुई चीजें हैं एक सिनेमा और दूसरा इन्टरनेट। नेटफ्लिक्स इन दोनों का एक महान समायोजन है। अगर पहले ही हमारे पास यह होता तो सूरज बर्जत्या की फ़िल्म और भी ज्यादा कमाई कर लेती।”

    माधुरी दीक्षित के अनुसार ‘हम आपके हैं कौन’ को नेटफ्लिक्स की वजह से और भी ज्यादा लोग देख पाते। माधुरी दीक्षित और सलमान खान की फ़िल्म ‘हम आपके हैं कौन’ ने उस समय 100 करोड़ कमाए थे। यह भारत की पहली ऐसी फ़िल्म थी जिसने 100 करोड़ की कमाई की थी।

    इसके साथ ही फ़िल्म ने 5 फ़िल्म फेयर पुरष्कार भी जीते थे। माधुरी ने कहा कि,”भारत में 5000 और चीन में 9000 थिएटर हैं पर नेटफ्लिक्स के करोड़ों सब्सक्राइबर्स हैं।”

    माधुरी ने कहा कि आजकल के दर्शक इस बात पर नियंत्रण रखना चाहते हैं कि वह क्या देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि,”जब मेरे बच्चे पैदा हुए थे तो मैं तीन महीने के लिए घर से बाहर नहीं जा पाती थी। काश उस समय मेरे पास नेटफ्लिक्स होता।”

    माधुरी के अनुसार स्ट्रीमिंग ने फ़िल्म निर्माताओं को एक प्रकार की आज़ादी दी है। वह भारतीय सिनेमा के उज्ज्वल भविष्य के लिए बहुत उत्साहित हैं। उनकी फ़िल्म ‘बकेट लिस्ट’ भी इसी प्रोजेक्ट के साथ नेटफ्लिक्स पर रिलीज़ की जाएगी।

    By साक्षी सिंह

    Writer, Theatre Artist and Bellydancer

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *