Wed. Apr 24th, 2024
    सुशील कुमार

    भारत के स्टार पहलवान और दो बार के ओलम्पिक पदकधारी सुशील कुमार ने दक्षिण अफ्रीका में आयोजित हो रहे राष्ट्रमंडल कुश्ती चैंपियनशिप में रविवार को जोहानसबर्ग में अपना मैच खेलते हुए न्यूजीलैंड के प्रतिद्वंदी आकाश खुल्लर को 74 किग्रा फ्रीस्टाइल वर्ग में चित कर सोने का तमगा अपने नाम किया और अंतरास्ट्रीय खेलों में अपनी शानदार वापसी की।

    आपको बता दें ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेल (2014) में स्वर्ण जीतने के बाद यह सुशील का पहला पदक है। दरअसल, सुशील ने इसी साल इंदौर में हुए सीनियर राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक जीत के साथ वापसी की, और अब अंतरास्ट्रीय स्तर पर भी उन्होंने कमाल कर दिखाया है।

    आपको बता दें काफी समय से अंतरास्ट्रीय और राष्ट्रीय खेलों से दूर चल रहे पहलवान सुशिल कुमार ने इस प्रतियोगिता में खेलते हुए पहले बाउट में कनाडा के जसमीत सिंह फुलका को शिकस्त दी। बीजिंग ओलंपिक में कांस्य और लंदन ओलंपिक में रजत पदक जीतने वाले सुशील ने यह स्वर्ण पदक जीतने के बाद मातृभूमि और कोच को यह जीत समर्पित की।

    जीत के बाद सुशील ने ट्विटर पर ट्वीट किया, ‘‘तीन साल बाद अंतरराष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक की जीत को मैं अपने माता पिता व मेरे गुरु सतपाल जी पहलवान और मेरे आध्यात्मिक गुरु योगऋषि स्वामी रामदेव जी के चरणों में व देश के हरेक नागरिक को समर्पित करता हूं जय हिन्द’’।