Fri. Apr 19th, 2024

    सहारनपुर में आज प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) ने किसान महापंचायत में शिरकत की। उन्होंने यहां किसानों को संबोधित किया। प्रियंका गांधी ने किसानों को भरोसा दिलाया कि कांग्रेस उनके साथ है और साथ ही उन्होंने कहा कि किसानों को अपने कदम पीछे हटाने की जरूरत नहीं है। किसान आंदोलन पिछले ढाई महीने से लगातार जारी है और इस बीच बहुत से जान माल का नुकसान हो चुका है। वहीं विपक्ष इस आंदोलन में बढ़-चढ़कर अपनी राजनीतिक रोटियां सेंक रहा है।

    इसी बीच एक बार फिर कांग्रेस की सचिव प्रियंका गांधी ने किसानों के बीच में जाकर भाषण दिया। प्रियंका गांधी दोपहर में किसानों के बीच सहारनपुर के चिलकाना में पहुंची। प्रियंका गांधी ने किसानों से कहा कि वे एक भी कदम पीछे ना हटें। कांग्रेस उनके साथ है। उन्होंने मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा और किसानों को कहा कि ये आंदोलन उनकी जमीन का आंदोलन है।

    प्रियंका गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद में किसानों का अपमान किया है। ऐसा माना जा रहा है कि प्रियंका गांधी की रैली के पीछे उनकी पश्चिमी यूपी ने पकड़ बनाने की कोशिश को देखा जा सकता है। उनकी रैली में काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।

    प्रियंका गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री विदेशों तक घूम सकते हैं, लेकिन जहां रह रहे हैं उस प्रदेश की सीमाओं तक नहीं आ पा रहे। प्रियंका गांधी ने किसानों को जब तक बिल वापस ना हो तब तक खड़े रहने के लिए कहा और कहा कि जब कांग्रेस की सरकार आएगी तब यह बिल पूरी तरह से वापस कर लिए जाएंगे। किसानों को उनकी एमएसपी का पूरा दाम मिलेगा। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस लोगों को धर्म और जाती के नाम पर तोड़ेगी नहीं बल्कि लोगों को आपस में जोड़ने का काम करेगी।

    प्रधानमंत्री के द्वारा दिए गए शब्द ’आंदोलनजीवी’ पर प्रियंका गांधी ने कहा कि यह किसानों का अपमान है। आंदोलनजीवी शब्द का अर्थ क्या है? जो किसान आंदोलन कर रहे हैं, जो सीमा पर खड़े हैं, देश के लिए अनाज उगाने वाले हैं, उनको अपमानित करने वाला देश भक्त नहीं हो सकता, ये प्रियंका गांधी का कहना था।

    उन्होंने आज की जनसभा में केंद्र सरकार पर खुलकर निशाने साधे हैं। साथ ही आश्वासन भी दिया कि कांग्रेस सरकार किसानों के साथ हमेशा खड़ी रहेगी। प्रियंका गांधी ने केंद्र सरकार को उद्योगपतियों का हितैषी भी बताया। प्रियंका गांधी ने अपने भाषण से पहले शाकुंभरी मंदिर में पूजा भी की। वहां उन्होंने 40 मिनट तक ध्यान भी लगाया। वहां से पहले उन्होंने खानकाह दरगाह में भी शिरकत की। इस तरह से कांग्रेस अपनी सेकुलर छवि को उत्तर प्रदेश की जनता के सामने रखना चाह रही थी।

    कुल मिलाकर कांग्रेस ने आज की जनसभा को किसानों के मन में अपने प्रति जगह बनाने और उत्तर प्रदेश की जनता के बीच कांग्रेस की छवि बेहतर बनाने के लिए प्रयोग किया। प्रियंका गांधी ने केंद्र पर हर संभव प्रहार किए। उन्होंने प्रधानमंत्री के भाषणों पर भी विरोध जताया और अपनी पार्टी के किसानों के साथ हर कदम पर खड़े होने के बात भी की।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *