Fri. Mar 29th, 2024
    satpal singh satti

    शिमला, 16 मई (आईएएनएस)| हिमाचल प्रदेश के भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि राहुल गांधी को ‘पप्पू’ नाम देने वाले दलबदलू कांग्रेसी नवजोत सिंह सिद्धू भाजपा के खिलाफ बोलने को गोमांस खाने के बराबर बताते थे। अब वे खुद स्पष्ट करें कि भाजपा पर झूठे आरोप लगाकर वे क्या गोमांस नहीं खा रहे। उन्होंने कहा कि टीवी चैनलों से पैसे खाकर तालियां बजवाने वाले अब जनता को बता रहे हैं कि वोट किसे देना है।

    सत्ती ने कहा कि झूठ के पैर नहीं होते और मोदी की लहर में कांग्रेस का झूठा प्रचार हवा में पत्ते की तरह उड़ जाएगा। 23 मई को वोटों की गिनती के बाद कांग्रेस के दफ्तरों में सन्नाटा छा जाएगा।

    उन्होंने कहा कि देश भर के कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं का आत्मविश्वास डगमगा गया है। हिमाचल प्रदेश की चारों लोकसभा सीटें भाजपा के खाते में जाती देख कांग्रेस के नेता परेशान हैं।

    सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि नवजोत सिंह सिद्धू कांग्रेस पर 1984 के सिख नरसंहार का कलंक लगा होने के बावजूद खुद को जन्मजात कांग्रेसी बताने में शर्म महसूस नहीं करते। कांग्रेस के प्रधानमंत्री राजीव गांधी से लेकर राहुल गांधी के राजनीतिक सलाहकार सैम पित्रोदा तक सिखों को जिंदा जलाए जाने की शर्मनाक घटनाओं को जायज ठहराते रहे हैं। इसके बावजूद सिद्धू अवसरवाद की नई मिसाल बनकर उसी नकली गांधी परिवार की चाटुकारिता कर रहे हंै।

    उन्होंने कहा कि जनता को सिद्धू के पुराने सारे बयान पता हैं जिनमें वे नकली गांधी परिवार की बखिया उधेड़ते थे। उनकी बातों का जनता पर अब कोई असर नहीं होता।

    उन्होंने कहा कि देश में छह चरण के मतदान के बाद भाजपा का आकलन है कि राजग गठबंधन पिछले लोकसभा चुनाव से भी ज्यादा सीटें जीत कर नरेन्द्र मोदी को फिर प्रधानमंत्री बनाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की उलटी गिनती की रफ्तार अमेठी से राहुल गांधी के पलायन कर केरल के हिन्दू अल्पसंख्यक चुनाव क्षेत्र वायनाड से चुनाव लड़ने से तेज हो गई है। इस बार अमेठी जैसे कांग्रेस के मजबूत किले को ध्वस्त कर भाजपा की स्मृति ईरानी एक नया इतिहास बनाएंगी।

    भाजपा नेता का कहना है कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं है जिनसे वह जयराम ठाकुर सरकार और मोदी सरकार को घेर सके। उनका झूठा प्रचार टिक नहीं पाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में चारों सीटों पर पिछली लोकसभा चुनाव की तुलना में इस बार भाजपा उम्मीदवारों की लीड बढ़ जाएगी।

    By पंकज सिंह चौहान

    पंकज दा इंडियन वायर के मुख्य संपादक हैं। वे राजनीति, व्यापार समेत कई क्षेत्रों के बारे में लिखते हैं।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *