Thu. Apr 18th, 2024
    क्राउन प्रिंस सऊदी अरब

    सऊदी अरब में इन दिनों भ्रष्टाचार निरोधी अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत मशहूर अरबपति अलवलीद बिन तलाल समेत दर्जनों मंत्रियों व शहजादों को सलाखों के पीछे डाला गया है। इन हाईप्रोफाइल नेताओं पर अब मुकदमे चलेंगे।

    वहीं सऊदी अरब के अटॉर्नी जनरल का कहना है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ ये तो बस शुरुआत है। अटॉर्नी जनरल का संकेत साफ है कि अब किसी भी कीमत पर भ्रष्टाचारियों को नहीं बख्शा जाएगा। जब बड़े नेताओं,कारोबारियों व कई प्रिंस पर कार्रवाई की जा सकती है तो अन्य लोगों पर भी भ्रष्टाचार के मुद्दे पर केस दर्ज हो सकता है।

    अटॉर्नी जनरल शेख सऊद अल मोजेब ने बयान जारी करके कहा है कि भ्रष्टाचार की जड़ो को उखाड़ने के लिए ये गिरफ्तारियां तो महज एक शुरूआत है। इनके खिलाफ सबूत को इकट्ठा कर लिया गया है और इनसे पूछताछ की जा रही है।

    भ्रष्टाचार के खिलाफ जंग लड़ रहा है सऊदी अरब

    इस पूरे घटनाक्रम से क्राउन प्रिंस की ताकत का अंदाजा भी साफ तौर पर लगाया जा सकता है। गिरफ्तार किए गए लोगों में सबसे ज्यादा चर्चा अंतराराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त अरबपति बिज़नसमैन अलवलीद बिन तलाल की हो रही है। इसके साथ ही कई बड़ी हस्तियों को भी जेल में भेजा गया है।

    गौरतलब है कि एक तरफ सऊदी अरब में भ्रष्टाचार की जांच चल रही है वहीं दूसरी तरफ हाल ही में भ्रष्टाचार के आरोपी आसिर प्रांत के डिप्टी गवर्नर प्रिंस मंसूर बिन मुक़रिन की हेलीकॉप्टर हादसे में मौत हो गई थी। अब प्रिंस के मौत की भी जांच चल रही है।

    प्रिंस सरकारी परियोजना का दौरा करके अपने अधिकारियों के साथ लौट रहे थे लेकिन रास्ते में हेलीकॉप्टर के हादसे में प्रिंस समेत सभी अधिकारियों की मौत हो गई थी।

    ऐसा लग रहा है कि सऊदी अरब के हालातों मे तेजी से बदलाव हो रहा है। यहां पर चल रहे भ्रष्टाचार निरोधी अभियान को पूरी दुनिया की तरफ से देखा व सराहा जा रहा है।

    सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान की मंशा है कि अब वह देश को आधुनिक बनाने की तरफ कार्य करेंगे। साथ ही सेक्युलर व धार्मिक विरोधियों को हटाने के अभियान के रास्ते में आने वाली हर चुनौती का मजबूती से सामना करेंगे।