Thu. Apr 25th, 2024
    संयुक्त राष्ट्र उत्तर कोरिया राजनीतिक प्रमुख

    संयुक्त राष्ट्र के वरिष्ठ अधिकारी व राजनीतिक प्रमुख जेफरी फेल्टमैन मंगलवार से उत्तर कोरिया दौरे पर है। यहां पर जेफरी ने उत्तर कोरिया के उप-विदेश मंत्री के साथ मुलाकात की है। अब वह बुधवार को उत्तर कोरिया के विदेश मंत्री री योंग हो व उत्तर कोरिया की राजधानी प्योंगयांग में स्थित संयुक्त राष्ट्र के कर्मचारियों के साथ मिलेंगे।

    हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि वो उत्तर कोरिया के तानाशाह किम-जोंग-उन के साथ मुलाकात करेंगे या नहीं। कहा जा रहा है कि तानाशाह के साथ मुलाकात करने की संभावना बेहद कम है।

    संयुक्त राष्ट्र की माने तो साल 2010 के बाद जेफरी फेल्टमैन पहले उत्तर कोरिया का दौरा करने वाले वरिष्ठ अधिकारी है। जेफरी की उत्तर कोरिया में चार दिवसीय यात्रा का पहला दिन पूरा हो चुका है।

    उत्तर कोरिया के उप-विदेश मंत्री पाक मायोंग कुक के साथ यूएन के राजनीतिक प्रमुख जेफरी फेल्टमैन ने मुलाकात व चर्चा की। लेकिन दोनों के बीच क्या वार्ता हुई इसकी जानकारी अभी तक नहीं दी गई है।

    चर्चा की जानकारी नहीं की गई विस्तृत

    संयुक्त राष्ट्र के एक प्रवक्ता ने कहा है कि जेफरी ने अपने प्रवास के दौरान प्योंगयांग में विस्तृत वार्ता की है लेकिन उसकी जानकारी सार्वजनिक नहीं की है। साथ ही कहा है कि वो मीडिया को इस बारे में अभी स्पष्ट नहीं बताएंगे।

    अपने दौरे के दौरान जेफरी उत्तर कोरिया में राजनियक दल के सदस्यों के साथ तो मिलेंगे ही साथ ही में संयुक्त राष्ट्र परियोजना स्थलों पर भी जाएंगे।

    गौरतलब है कि इससे पहले जेफरी ने चीन का दौरा भी किया था। चीन से ही सीधे जेफरी मंगलवार को उत्तर कोरिया पहुंचे है। जेफरी फेल्टमैन का उत्तर कोरिया द्वारा काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

    उत्तर कोरिया के लगातार परमाणु परीक्षण करने से सिर्फ अमेरिका ही नहीं अपितु संयुक्त राष्ट्र भी काफी चिंतित है। उम्मीद की जा रही है कि संयुक्त राष्ट्र के वरिष्ठ अधिकारी उत्तर कोरिया के साथ इस मुद्दे पर सकारात्मक वार्ता कर सके।