Thu. Apr 18th, 2024
    वेंकैया नायडू भाजपा

    भारत के नव-निर्वाचित उप-राष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने भारत को विश्व का सबसे बड़ा धर्म निरपेक्ष देश बताया है। इस बयान के जरिये नायडू ने हामिद अंसारी पर भी शिकंजा कसा जिन्होंने कल देश के मुस्लिमों की असुरक्षा को लेकर बड़ा बयान दिया था। अंसारी के बयान के मुताबिक भारत में मुस्लिम असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। नायडू ने अपने बयान में देश की बिगड़ती राजनैतिक हालत पर भी चिंता जताई है।

    नायडू ने अपने बयान में कहा कि, ‘राजनीती का उद्देश्य विकास होना चाहिए। भारत विश्व में सबसे सहनशील देश है। भारतीय संस्कृति एक-दूसरे की इज्जत करना सिखाती है। देश में अल्पसंख्यक के नाम पर राजनीति हो रही है।’ नायडू का बयान हामिद अंसारी के बयान के एक दिन बाद आया जिसमे अंसारी ने देश में मुस्लिमों पर बढ़ती असुरक्षा का जिक्र किया था। नायडू ने देश की सांस्कृतिक विविधता के बारे में भी कहा कि इतनी विविधता के बावजूद हम एक देश का हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि, ‘अलग भाषा, अलग वेश; फिर भी अपना एक देश, विविधता में एकता भारत की विशेषता’ ।

    वेंकैया नायडू देश के अगले उप-राष्ट्रपति के रूप में कल शपथ लेंगे। नायडू ने कांग्रेस के उम्मीदवार गोपालकृष्ण गाँधी को हराकर उप-राष्ट्रपति की कुर्सी जीती थी। नायडू ने कल पार्टी के नेताओं को उनके समर्थन के लिए धन्यवाद दिया। नायडू ने कहा कि, ‘मैं बहुत विनम्र हूँ। मैं प्रधानमंत्री और पार्टी के सभी सदस्यों का उनके समर्थन के लिए आभार व्यक्त करता हूँ। मैं उप-राष्ट्रपति के पद के जरिये राष्ट्रपति जी का भरपूर साथ दूंगा और संसद के ऊपरी सदन की गरिमा को बढ़ने में हरसंभव प्रयास करूँगा।’

    वेंकैया नायडू कल दोपहर राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की उपस्थिति में उप-राष्ट्रपति पद की शपथ लेंगे।

    By पंकज सिंह चौहान

    पंकज दा इंडियन वायर के मुख्य संपादक हैं। वे राजनीति, व्यापार समेत कई क्षेत्रों के बारे में लिखते हैं।