Sat. Apr 20th, 2024
    विधानसभा उपचुनाव

    23 अगस्त को देश के 3 राज्यों की 4 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हुए थे। इन 4 विधानसभा सीटों में 2 सीटें गोवा की थी वहीं एक सीट आंध्र प्रदेश और एक सीट दिल्ली की थी। इनमें जिन 2 सीटों की चर्चा सबसे ज्यादा थी, वो थी गोवा की पणजी और दिल्ली की बवाना सीट। गोवा की पणजी सीट से मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर चुनावी मैदान में थे और उनके खिलाफ राहुल गाँधी के करीबी कहे जाने वाले गिरीश चंदोनकर खड़े थे। वहीं दिल्ली की बवाना सीट पर आप छोड़कर भाजपा में शामिल हुए वेद प्रकाश और आप उम्मीदवार रामचंद्र आमने-सामने थे। कांग्रेस के सुरेंद्र कुमार ने मैदान में उतरकर इस सीट पर त्रिकोणीय आसार बना दिए थे।

    विधानसभा उपचुनाव
    विधानसभा उपचुनाव

    शेष 2 सीटें गोवा की वालपोई और आंध्र प्रदेश की नांदयाल थी। वालपोई सीट से भाजपा ने कांग्रेस का दामन छोड़ भाजपा में शामिल हुए राज्य के स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत राणे को मैदान में उतारा था वहीं कांग्रेस ने उनके खिलाफ रवि नायक को खड़ा किया था। आंध्र प्रदेश की नांदयाल सीट पर भाजपा समर्थित टीडीपी उम्मीदवार भूमा ब्रह्मानन्द रेड्डी चुनावी मैदान में थे। आंध्र प्रदेश में भाजपा और टीडीपी का गठबंधन है और यहाँ टीडीपी के बड़े मतों के अंतर से जीत दर्ज करने की संभावना जताई गई थी।

    भाजपा ने लहराया गोवा में जीत का परचम

    भाजपा ने उपचुनावों में गोवा की दोनों सीटें जीत ली हैं। पणजी से भाजपा उम्मीदवार और राज्य के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर ने कांग्रेस के गिरीश चंदोनकर को 4,803 मतों से हराया। कांग्रेस उम्मीदवार गिरीश चंदोनकर कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गाँधी के करीबी माने जाते है। वहीं वालपोई में भाजपा उम्मीदवार और राज्य के स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत राणे ने अपने कांग्रेसी प्रतिद्वंदी रवि नायक को 10,066 मतों के अंतर से हराया। उपचुनाव के परिणामों के बाद भाजपा गोवा में और भी मजबूत हो गई है।

    विधानसभा उपचुनाव
    विश्वजीत राणे के साथ मनोहर पर्रिकर

    आप ने जीता बवाना का रण

    आम आदमी पार्टी ने दिल्ली का रण जीत लिया है। दिल्ली की सबसे बड़ी विधानसभा सीट बवाना में हुए उपचुनावों में आप उम्मीदवार रामचंद्र ने आप छोड़ भाजपा में शामिल हुए पूर्व विधायक वेद प्रकाश को 24,052 मतों से पराजित किया। कांग्रेस के उम्मीदवार और तीन बार बवाना से विधायक रहे सुरेंद्र कुमार तीसरे स्थान पर रहे। आप उम्मीदवार रामचंद्र को 59,886 मत मिले वहीं भाजपा उम्मीदवार वेद प्रकाश को 35,834 मत मिले। कांग्रेस उम्मीदवार सुरेंद्र कुमार को 31,919 मत मिले। शुरूआती दौर की मतगणना के बाद कांग्रेस उम्मीदवार सुरेंद्र कुमार आगे चल रहे थे और भाजपा दूसरे स्थान पर थी।

    नांदयाल में टीडीपी तय जीत की ओर

    आंध्र प्रदेश के नांदयाल में टीडीपी उम्मीदवार भूमा ब्रह्मानन्द रेड्डी बड़ी जीत की ओर अग्रसर हैं। 17 चरणों की मतगणना के बाद उन्होंने अपने वाईएसआर कांग्रेस प्रतिद्वंदी से 26,279 मतों की बढ़त बना ली है। भूमा ब्रह्मानन्द रेड्डी को तकरीबन 92,000 मत मिले हैं वहीं उनके प्रतिद्वंदी 65,000 मतों के साथ उनसे काफी पीछे चल रहे हैं।

    कपिल ने दी केजरीवाल को बधाई, मनोज तिवारी ने ली हार की जिम्मेदारी

    आप के पूर्व विधायक कपिल मिश्रा ने ट्वीट कर अरविन्द केजरीवाल को बवाना में जीत की बधाई दी है। उन्होंने कहा है कि शायद उनकी तरफ से कोई कमी रह गई थी लेकिन वह भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखेंगे।

    भाजपा दिल्ली अध्यक्ष मनोज तिवारी ने बवाना उपचुनावों की नैतिक जिम्मेदारी ली है। उन्होंने कहा कि पार्टी हार के कारणों की समीक्षा करेगी। उन्होंने कहा कि जीत सबकी होती है लेकिन हार सिर्फ कप्तान की होती है। अरविन्द केजरीवाल को जीत की बधाई देता हूँ। अब वो ईवीएम को दोष देना बंद कर आगे बढे।

    By हिमांशु पांडेय

    हिमांशु पाण्डेय दा इंडियन वायर के हिंदी संस्करण पर राजनीति संपादक की भूमिका में कार्यरत है। भारत की राजनीति के केंद्र बिंदु माने जाने वाले उत्तर प्रदेश से ताल्लुक रखने वाले हिमांशु भारत की राजनीतिक उठापटक से पूर्णतया वाकिफ है।मैकेनिकल इंजीनियरिंग में स्नातक करने के बाद, राजनीति और लेखन में उनके रुझान ने उन्हें पत्रकारिता की तरफ आकर्षित किया। हिमांशु दा इंडियन वायर के माध्यम से ताजातरीन राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर अपने विचारों को आम जन तक पहुंचाते हैं।