Tue. Apr 23rd, 2024
    किरण खेर भाषण

    भाजपा सांसद किरण खेर ने कल संसद में लड़कियों पर हो रहे हमले को लेकर बड़ा बयां दिया। किरण ने कहा कि जब सुरक्षा की बात आये तो लड़कियों और लड़कों पर समान प्रतिबन्ध लगने चाहिए। किरण ने कहा जब लड़कियों को रात में बाहर जाने से रोका जाता है तो लड़कों को क्यों नहीं? उन्होंने कहा कि, ‘जब समस्या पैदा की जा रही है तब लड़कों को भी रात में घर से नहीं निकलने देना चाहिए। रात में क्यों खतरा है और दिन में क्यों नहीं? लड़कों को रात में घर से बाहर नहीं निकलने देना चाहिए।’

    आपको बता दें कुछ दिन पहले चंडीगढ़ में एक भाजपा नेता के बेटे द्वारा एक लड़की का पीछा करने का मामला सामने आया था। इसके चलते देश भर में आक्रोश की भावना है। लोगों ने भाजपा नेता सुभाष बराला से इस्तीफे की मांग भी की है। इस मामले में सुभाष का बेटा विकास बराला और उसके साथी शामिल हैं। विकास और उसके साथियों ने एक आईएएस की बेटी को अगवा करने की कोशिश की थी, जिसके तुरंत बाद बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

    इससे पहले दोनों बदमाशों को पहले भी पुलिस ने गिरफ्तार किया था लेकिन बाद में छोड़ दिया। अब उन्हें दूसरी बार गिरफ्तार किया गया है। लोगों द्वारा पुलिस पर दोनों को हिरासत में लेने के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा था। इस बीच पुलिस ने कल दोनों को गिरफ्तार कर करीबन तीन घंटे पूछ्तात की। पुलिस ने इस मामले में नये तथ्यों एवं सबूतों के मिलने का दावा करते हुए दोनों बदमाशों पर धारा 365 और 511 के तहत अपहरण की कोशिश का गैर जमानती आरोप जोड़ने का फैसला किया।

    By पंकज सिंह चौहान

    पंकज दा इंडियन वायर के मुख्य संपादक हैं। वे राजनीति, व्यापार समेत कई क्षेत्रों के बारे में लिखते हैं।