Thu. Apr 18th, 2024

    कोविड-19 के बढ़ते प्रकोप को रोकने के लिए दिल्ली और उत्तर प्रदेश में रविवार को क्रमश: लॉकडाउन और कोरोना कर्फ्यू की मियाद 17 मई तक बढ़ा दी गई। वहीं देश के बड़े हिस्से में सख्त पाबंदियां लागू है। अब तक 18 राज्य/केंद्र शासित प्रदेश अपने यहां लॉकडाउन जैसी पाबंदियों का ऐलान कर चुके हैं। वहीं, 14 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों ने आंशिक लॉकडाउन लागू है। कई राज्य लॉकडाउन आगे बढ़ा रहे हैं।

    दिल्ली

    देश की राजधानी 19 अप्रैल से बंद है। यहां लॉकडाउन 17 मई तक बढ़ा दिया गया है। लॉकडाउन आगे बढ़ाने की घोषणा करते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पिछले कुछ दिनों में कोरोना के मामलों और पॉजिटिविटी रेट में कमी आई है, लेकिन कोई भी ढिलाई बरती गई तो महामारी की मौजूदा लहर में अब तक हासिल की गई कामयाबी का कोई फायदा नहीं होगा।

    उत्तर प्रदेश

    राज्य में कोरोना कर्फ्यू का समय और सख्त लॉकडाउन जैसी पाबंदियां 17 मई तक बढ़ा दी गई हैं। वहीं, उत्तर प्रदेश के एडिशनल चीफ सेक्रेटरी (इन्फॉर्मेशन) नवनीत सहगल ने कहा कि राज्य में लगाए गए कोरोना कर्फ्यू के अच्छे नतीजे मिल रहे हैं। यह संक्रमण की चेन तोड़ने में मदद कर रहा है। एक्टिव केस की संख्या में गिरावट दर्ज हो रही है। इस वजह से 17 मई को सुबह 7 बजे तक कोरोना कर्फ्यू बढ़ाने का फैसला लिया गया है। हरियाणा में स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने लॉकडाउन आगे बढ़ाने की घोषणा की।

    तमिलनाडु

    तमिलनाडु में शुक्रवार को मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने जिलाधिकारियों के साथ एस बैठक की, जिसमें कोरोना के हालात की समीक्षा की गई। इस बैठक में स्वास्थ्य सेवा से जुड़े विशेषज्ञों की सलाह के आधार पर लॉकडाउन लागू करने का फैसला किया गया। मुख्यमंत्री स्टालिन ने अपने एक बयान में कहा कि राज्य में कोरोना के प्रसार को रोकने के लिए लॉकडाउन लागू के अलावा कोई दूसरा विकल्प नहीं था। बता दें, राज्य में सोमवार (10 मई) से 24 मई तक के लिए संपूर्ण लॉकडाउन लागू रहेगा। इस दौरान आवश्यक सेवाओं को छोड़कर सभी दुकानें और निजी व सरकारी दफ्तर बंद रहेंगे। इसके अलावा सरकारी शराब की दुकानें, बार, स्पा, जिम, ब्यूटी पार्लर, सैलून, सिनेमा हाल, क्लब, पार्क, बीच भी बंद रहेंगे।

    राजस्थान

    राजस्थान सरकार ने भी 10 से 24 मई तक के लिए राज्य में लॉकडाउन लागू करने का एलान कर दिया है। इस दौरान आवश्यक सेवाओं को छोड़कर सब कुछ बंद रहेगा। किराना, दूध, सब्जी, फल और अन्य आवश्यक सामान की दुकानें कुछ समय के लिए खोलने की छूट दी गई है।

    कर्नाटक

    कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा ने शुक्रवार को राज्य में 14 दिन के लिए पूर्ण लॉकडाउन की घोषणा कर दी है। उन्होंने कहा कि पूरे राज्य में 10 मई से लेकर 24 मई तक पूर्ण लॉकडाउन रहेगा। इस दौरान जरूरी सेवाओं को छोड़कर किसी को भी बाहर निकलने की इजाजत नहीं होगी।

    केरल

    केरल सरकार ने अपने यहां शनिवार (8 मई) की सुबह से लॉकडाउन लगा दिया है, जो कि 16 मई तक लागू रहेगा। यहां सभी सिनेमा हाल, मल्टीप्लेक्स, थिएटर, जिम, मनोरंजन क्लब, बार, ऑडिटोरियम, धार्मिक स्थल, बाजार, निजी और सरकारी कार्यालय बंद रहेंगे। हालांकि आवश्यक वस्तुओं के लिए आवाजाही पर रोक नहीं रहेगी। राशन दुकान, सब्जी दुकान, समेत जरूरी वस्तुओं की दुकानें शाम 7:30 बजे तक खुली रहेंगी।इसके अलावा ही राज्य में बैंक, बीमा कंपनियां, प्लेन, बस या ट्रेन की आवाजाही भी जारी रहेगी।

    By आदित्य सिंह

    दिल्ली विश्वविद्यालय से इतिहास का छात्र। खासतौर पर इतिहास, साहित्य और राजनीति में रुचि।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *