Thu. Apr 25th, 2024
    दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया

    इस चुनाव में मात्र इंसान नहीं इंसानों के भगवान भी महत्वपूर्ण है। राजनेता जानते है कि अपने हितों से ज्यादा जनता को अपने भगवानों के हितों की फ़िक्र है। वैसे भी मंदिरों, भगवानों, और धार्मिक नारो के सहारे चुनाव लड़ना भारतीय चुनावों की परंपरा रहीं है।

    इस चुनाव में तो राजनेता गुजरात राज्य में आते ही सबसे पहले मंदिरों के दर्शन कर रहें है। मंदिरों में आए दिन कोई ना कोई बड़ा राजनेता आता ही रहता है। मंदिरों के अंदर भगवान के जयकारे गूंजते है और बाहर राजनेताओं के। जनता को भगवानो के बाद किसी पर आस है भी तो वो राजनेता ही तो है। इस चुनाव में प्रधानमंत्री मोदी से लेकर विपक्ष के कई नेता मंदिरों के दर्श कर रहें है।

    सभी जातियों को खुश करने के लिए उनके देवताओं के दर्शन करना एक आसान और असरदार तरीका माना जा रहा है। पटेलों के साथ मुसलमान समाज के मतभेदों को कांग्रेस समझती है, साथ ही यह भी समझती है कि पटेलों को खुश रखना है तो इस चुनाव में कुछ देर के लिए मुसलमानों से किनारा करना होगा। यहीं कारण है मंदिरो और हिन्दुत्व की राजनीती से दूर रहने वाली कांग्रेस भी अब मंदिरों की राजनीती कर रही है।

    कांग्रेस ना सिर्फ मंदिरों के दर्शन कर रही है बल्कि दर्शन की तस्वीरों को सोशल मीडिया में शेयर भी कर रही है। ट्वीटर पर राहुल गांधी की मंदिर यात्रा को शेयर करते हुए कांग्रेस ने लिखा है कि “कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमनाथ मंदिर में जलाभिषेक कर दर्शन-पूजन किया और गुजरात में अपनी यात्रा शुरु की”

    मंदिर हमेशा से ही बीजेपी के लिए चुनावी शगुन रहें है। मंदिरों के बल पर ही बीजेपी अक्सर मत मांगती आई है। कांग्रेस द्वारा की जा रहीं मंदिरों की राजनीति पर अब आम आदमी पार्टी गर्म हो गयी है। राहुल की मंदिर यात्रा पर दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने प्रहार किया है।

    अपने ट्वीट में मनीष सिसोदिया ने कहा है कि ”अगर चुनावों से ठीक पहले मंदिर-दर्शन की जगह सरकारी स्कूलों के दर्शन की राजनीतिक परम्परा होती तो देश के हर बच्चे को आज बेहतरीन शिक्षा मिल रही होती.”

    मनीष सिसोदिया के इस ट्वीट के बाद सियासत गर्म हो गयी। राजनेताओं ने तुरंत एक दूसरे को निशाने पर लेना शुरू कर दिया। कांग्रेस समर्थकों ने आम आदमी पार्टी पर हमला करते हुए मनीष पर सवालों की बारिश कर दी। अतीत को खंगाला जाने लगा। लोगों ने मनीष सिसोदिया समेत कई राजनेताओं की तस्वीरें पोस्ट करनी शुरू कर दी जिसमे यह सभी राजनेता चुनावी समय में मंदिर दर्शन को गए थे।