Thu. Mar 28th, 2024
    कांग्रेस राहुल गाँधी

    जैसे जैसे मध्य प्रदेश में चुनाव की तारीख नजदीक आ रही है वैसे वैसे नेताओं का भगवान् के दरबार में हाजिरी लगाने का सिलसिला भी बढ़ते जा रहा है।

    राहुल गांधी अपने 2 दिनों की चुनावी यात्रा पर मध्य प्रदेश के मालवा-निमाड़ क्षेत्र में हैं। चुनावी यात्रा से ब्रेक ले कर उन्होंने आज प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में भगवान् शिव के दर्शन किये और पूजा अर्चना की। महाकालेश्वर मंदिर 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक है।

    क्रीम रंग की धोती पहने कांग्रेस अध्यक्ष के साथ मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ और चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष ज्योतिरादित्य सिंधिया भी थे। महाकालेश्वर मंदिर में ये राहुल गाँधी की दूसरी यात्रा है। इससे पहले वो 2010 में भी यहाँ के दर्शन कर चुके हैं।

    गांधी परिवार से महाकालेश्वर मंदिर का रिश्ता बहुत पुराना है। राहुल गाँधी की दादी और भारत की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गाँधी, राहुल गाँधी के पिता स्वर्गीय राजीव गांधी और माँ सोनिया गांधी भी इस मंदिर में माथा टेक चुके हैं।

    राहुल गांधी ने वैदिक मंत्रोचार के बीच आधे घंटे तक पुजारियों की मौजूदगी में पूजा किया। कांग्रेस ने पिछले साल राहुल गाँधी को शिव भक्त बताया था। इस साल अगस्त में राहुल गांधी कैलाश मानसरोवर की यात्रा भी कर चुके हैं।

    सिर्फ विपक्षी पार्टी ही नहीं , सत्ता पक्ष के नेताओं ने भी महाकालेश्वर मंदिर में माथा टेका है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह 14 जुलाई को इस मंदिर में आये थे। यहाँ से दर्शन करने के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की ‘जन आशीर्वाद यात्रा’ को झंडी दिखाई थी।

    मध्य प्रदेश में कांग्रेस 2003 से सत्ता से बाहर है। प्रदेश का मालवा-निमाड़ क्षेत्र राजनीतिक रूप से काफी महत्वपूर्ण क्षेत्र हैं। विधानसभा की 230 में से 66 सीटें इस क्षेत्र से आती है। भाजपा ने 2013 के विधानसभा चुनाव में इस क्षेत्र की 66 में से 56 सीटों पर अपना कब्जा जमाया था जबकि कांग्रेस के हिस्से सिर्फ 9 सीटें आई थी।

    By आदर्श कुमार

    आदर्श कुमार ने इंजीनियरिंग की पढाई की है। राजनीति में रूचि होने के कारण उन्होंने इंजीनियरिंग की नौकरी छोड़ कर पत्रकारिता के क्षेत्र में कदम रखने का फैसला किया। उन्होंने कई वेबसाइट पर स्वतंत्र लेखक के रूप में काम किया है। द इन्डियन वायर पर वो राजनीति से जुड़े मुद्दों पर लिखते हैं।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *