Thu. Apr 25th, 2024
    जनरक्षा यात्रा

    पिछले कई वर्षों से केरल में लगातार हो रही भाजपा और आरएसएस कार्यकर्ताओं की हत्या के विरोध में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने मंगलवार, 3 अक्टूबर को कन्नूर के पयन्नूर से जनसुरक्षा यात्रा की शुरुआत की। इस पदयात्रा में भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कई बड़े नेता शामिल होंगे। 15 दिनों तक चलने वाली यह यात्रा 17 अक्टूबर को केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में समाप्त होगी। सीपीएम के शासन वाले केरल में भाजपा की इस पदयात्रा को 2019 लोकसभा चुनावों के मद्देनजर उसके अभियान की शुरुआत माना जा रहा है। शायद इसी वजह से भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने यात्रा की शुरुआत करने के लिए कन्नूर के पयन्नूर को चुना जो केरल के मुख्यमंत्री पी विजयन के गृहनगर पिनरायी के पास स्थित है। जनसुरक्षा यात्रा के तहत भाजपा केरल के 14 में से 11 जिलों में पदयात्रा करेगी।

    जनसुरक्षा यात्रा शुरू होने के एक दिन पहले ही केरल में तीन भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमले हुए थे। भाजपा ने इन हमलों का आरोप सत्ताधारी सीपीएम सरकार के कार्यकर्ताओं पर लगाया था। वर्ष 2001 के बाद से केरल में 120 भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या हो चुकी है जिसमें से अकेले कन्नूर में 84 हत्याएं हुई हैं। पिछले वर्ष हुए विधानसभा चुनावों के बाद सीपीएम केरल की सत्ता में आई थी। उसके बाद से केरल में अब तक 14 भाजपा और संघ कार्यकर्ताओं की हत्या हो चुकी है। भाजपा की यह पदयात्रा कहने को तो कार्यकर्ताओं की हत्याओं के विरोध में है पर इसे आगामी लोकसभा चुनावों से जोड़कर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि भाजपा अपने मिशन साउथ के तहत केरल में भी खाता खोलने की तैयारी कर रही है। इस यात्रा को लोकसभा चुनावों का रणनीतिक आगाज माना जा रहा है।

    अमित शाह ने बोला वामपंथी विचारधारा पर हमला

    भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने केरल में पार्टी कार्यकर्ताओं पर हो रहे लगातार हमलों के विरोध में देश के सभी राज्यों की राजधानियों में पदयात्रा का आह्वान किया था। आज से देश के सभी राज्यों की राजधानियों में भाजपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर अगले दो सप्ताह तक केरल सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे। मंगलवार को केरल के कन्नूर में जनसुरक्षा यात्रा की शुरुआत करने के बाद अमित शाह ने खुद भी 10.4 किमी की पदयात्रा की थी। उनके साथ केंद्रीय पर्यटन राज्य मंत्री के जे अल्फोंस भी थे। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने केरल में हो रही पार्टी कार्यकर्ताओं की हत्या के लिए केरल की सत्ताधारी वामपंथी सरकार को जिम्मेदार ठहराया और कहा कि जब से सीपीएम सत्ता में आई है हत्याएं बढ़ गई हैं। उन्होंने कहा कि जब भी केरल में वामपंथी सत्ता में आते हैं राजनीतिक हत्याएं बढ़ जाती हैं।

    केरल में सीपीएम का गढ़ माने जाने वाले मुख्यमंत्री पी विजयन के गृहनगर से यात्रा की शुरुआत करने के बाद अमित शाह ने कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा राज्य में हो रही भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या के लिए मुख्यमंत्री पी विजयन जिम्मेदार हैं। उन्होंने कहा कि शुरुआत से ही राजनीतिक हत्या और वामपंथी शासन का चोली-दामन का साथ रहा है। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं को “राजनीतिक हत्याओं का पीड़ित” बताया। उन्होंने कहा कि केरल के लोग सत्ताधारी सीपीएम सरकार की हिंसा से ऊब चुके हैं और आगामी चुनावों में इसका जवाब देंगे। अमित शाह पदयात्रा में शामिल जनसैलाब को देख उत्साहित नजर आए। उपस्थित भीड़ की ओर इशारा कर उन्होंने कहा कि केरल के लोग सीपीएम सरकार की हिंसा आधारित राजनीति से ऊब चुके हैं।

    जनसुरक्षा यात्रा में शामिल हुए योगी आदित्यनाथ

    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज केरल में भाजपा द्वारा चलाई जा रही जनसुरक्षा यात्रा के दूसरे दिन यात्रा में सम्मिलित हुए। योगी आदित्यनाथ सुबह तकरीबन 11 बजे इस यात्रा में शामिल हुए। योगी आदित्यनाथ ने जनसुरक्षा यात्रा में शामिल होने के लिए अन्य सभी कार्यक्रमों को रद्द कर दिया है। योगी आदित्यनाथ की छवि देशभर में हिंदुत्व के सबसे बड़े प्रचारकों में हैं और उनकी उपस्थिति भाजपा कार्यकर्ताओं के मनोबल को बढ़ाने का काम करेगी। केरल में हिन्दुओं की आबादी तकरीबन 55 फीसदी है और मुस्लिम और ईसाईयों की सम्मिलित आबादी 35 फीसदी है। ऐसे में भाजपा कट्टर हिंदुत्व छवि वाले नेताओं को पदयात्रा में उतारकर उसका कोर वोटबैंक माने जाने वाले हिन्दुओं को साध रही है। योगी आदित्यनाथ जनसुरक्षा यात्रा के दौरान 10 किमी पदयात्रा करेंगे।

    सीपीएम ने किया भाजपा पर पलटवार

    केरल की सत्ताधारी सीपीएम सरकार के कई नेताओं ने भाजपा की जनसुरक्षा यात्रा पर पलटवार किया है। केरल के सीपीएम राज्य सचिव के बालाकृष्णन ने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह केरल को बदनाम करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि “केरल जिहादियों की भूमि है” वाले बयान का इस्तेमाल इसी अभियान के तहत किया गया है। उन्होंने भाजपा अध्यक्ष अमित शाह पर निराधार आरोपों के आधार पर राज्य का माहौल खराब करने का आरोप लगाया। केरल के मुख्यमंत्री पी विजयन ने कहा कि भाजपा इस बात से परेशान है कि केरल के लोग संघी विचारधारा अपनाने को तैयार नहीं है। उन्होंने कहा कि केरल ने हमेशा ही भाजपा को नकारा है और आगे भी यहाँ के लोग ऐसा ही करते रहेंगे।

    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पदयात्रा में शामिल होने पर केरल के मुख्यमंत्री पी विजयन ने कहा कि मैं योगी आदित्यनाथ को केरल के सरकारी अस्पतालों में आने का न्यौता देता हूँ। उन्हें यहाँ आकर देखना चाहिए कि किस तरह सरकारी अस्पतालों में मरीजों के लिए सुविधाएं उपलब्ध हैं और उनका ध्यान रखा जा रहा है। सीपीएम महासचिव सीताराम येचुरी ने भी उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें केरल के सुविधा संपन्न सरकारी अस्पतालों में जाना चाहिए और यह सीखना चाहिए कि किस तरह मरीजों के हितों का ध्यान रखा जाता है।

    By हिमांशु पांडेय

    हिमांशु पाण्डेय दा इंडियन वायर के हिंदी संस्करण पर राजनीति संपादक की भूमिका में कार्यरत है। भारत की राजनीति के केंद्र बिंदु माने जाने वाले उत्तर प्रदेश से ताल्लुक रखने वाले हिमांशु भारत की राजनीतिक उठापटक से पूर्णतया वाकिफ है।मैकेनिकल इंजीनियरिंग में स्नातक करने के बाद, राजनीति और लेखन में उनके रुझान ने उन्हें पत्रकारिता की तरफ आकर्षित किया। हिमांशु दा इंडियन वायर के माध्यम से ताजातरीन राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर अपने विचारों को आम जन तक पहुंचाते हैं।