Sat. Apr 20th, 2024

    उत्तर प्रदेश में सरकार ने आज बजट पेश किया है। यह बजट पूरी तरह से पेपरलेस था। इस बजट में राज्य के उत्थान के लिए व हर वर्ग के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं। इस में प्रदेश में बनने वाले दो बहुप्रतीक्षित और विशाल एयरपोर्ट प्रोजेक्ट के लिए बजट अलॉट किया गया। अयोध्या एयरपोर्ट के लिए 101 करोड़ व जेवर एयरपोर्ट के लिए दो हजार करोड़ रुपए का बजट दिया गया। उम्मीद की जा रही है कि चित्रकूट और सोनभद्र एयरपोर्ट भी 2021 तक सक्रिय हो सकता है।

    इसके अलावा उत्तर प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण घोषणाएं की गई हैं। सरकार ने घोषणा की है कि हर मंडल में एक राज्य विश्वविद्यालय बनाया जाएगा। इसके लिए 200 करोड़ रुपए की व्यवस्था भी की गई है। साथ ही सरकार ने घोषणा की है कि मेरठ में खेल यूनिवर्सिटी बनाई जाएगी, जिसका उद्देश्य पश्चिमी उत्तर प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देना होगा और इसकी स्थापना के लिए ₹20,00,00,000 के बजट की प्रस्तावना दी गई है।

    इसी के साथ योगी सरकार ने किसानों को साधने का प्रयास भी किया है। किसानों को सस्ती दरों पर फसल के लिए ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। जिसके लिए 400 करोड रुपए की प्रस्तावित किए गए हैं। साथ ही युवाओं के उत्थान का भी पूरा ध्यान रखा गया है। प्रधान मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के अंतर्गत छात्रों को टेबलेट वितरण भी किया जाएगा। वहीं जो छात्र संस्कृत विद्यालयों में पढ़ रहे हैं, उनको गुरुकुल पद्धति के अनुरूप पढ़ाई कराई जाएगी। साथ ही निशुल्क होस्टल व भोजन सुविधा उपलब्ध होगी।

    12 जनपदों में मॉडल करियर सेंटर स्थापित किए जाने की योजना दी गई है। जिससे बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार मिलेगा। इसके अलावा ओपन जिम के निर्माण के लिए भी सरकार ने 25 करोड़ के बजट की व्यवस्था की है। साथ ही सरकार ने धार्मिक ध्रुवीकरण के लिए अयोध्या में विकास योजनाओं के लिए भी निधि प्रस्तावित की है।

    इस तरह से सरकार ने बजट में क्षेत्र व हर वर्ग का ध्यान रखा है। किसानों से लेकर छात्रों तक सरकार ने हर वर्ग को साधने की कोशिश की है और इसमें बहुत हद तक सफल भी दिख रही है। उत्तर प्रदेश का कुल बजट 5.50 लाख करोड़ का है। माना जा रहा है कि यह बजट उत्तर प्रदेश का अभी तक का सबसे बड़ा बजट है।

    इस बजट में किसानों के लिए मुफ्त पानी व कम दरों पर लोन का प्रावधान है। साथ ही प्रदेश में और ज्यादा एक्सप्रेसवे व मेट्रो लाइनें बिछाने का भी प्रावधान किया जा रहा है। इसके अलावा कोरोना वैक्सीन के लिए भी मुख्यमंत्री ने प्रस्तावना दी है। उत्तर प्रदेश से संबंधित कलाकारों को भी यूपी गौरव सम्मान प्रदान किया जाएगा और कलाकार को 11,00,000 रुपए की राशि दी जाने वाली है। उत्तर प्रदेश के वित्त मंत्री का कहना है कि इस बजट का उद्देश्य आत्मनिर्भर यूपी बनाना है।

    प्रदेश में बंद पड़ी हुई कताई मिलों का भी जीर्णोंद्धार किया जाएगा, जिससे महिला सशक्तिकरण भी होगा। प्रदेश में अगले वर्ष विधानसभा चुनाव होने हैं, विधानसभा चुनावों से पहले यह बजट आना भाजपा की छवि को काफी फायदा पहुंचा सकता है। बजट काफी बेहतरीन है, हालांकि विपक्ष की अभी तक इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *