Sat. Apr 20th, 2024
प्रसिद्ध बंगाली फिल्म निर्माता मृणाल सेन का 95 की उम्र में हुआ निधन

बंगाली सिनेमा में योगदान देने के लिए प्रसिद्ध फिल्म निर्माता मृणाल सेन का आज कोलकाता में उनके घर पर निधन हो गया है। वह 95 वर्ष के थे। आयु से संबंधित बीमारियों के कारण उनका सुबह 10:30 बजे निधन हो गया।

उन्होंने 1955 में एक फीचर फिल्म “रात भोरे” के साथ, एक फिल्म निर्माता के रूप में अपनी शुरुआत की थी। इस फिल्म में उत्तम कुमार ने अभिनय किया था। उन्हें ‘नील आकाश नीची’, ‘बैश्य सरवन’, ‘भुवन शोम’ और ‘अकालर संधाने’ जैसी प्रशंसित फिल्मों के लिए जाना जाता है।

उन्होंने अपने समकालीन सत्यजीत रे और ऋत्विक घटक के साथ मिलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर क्षेत्रीय सिनेमा का परचम लहराया था। उन्हें 1983 में भारत का तीसरा सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म भूषण प्रदान किया गया। फिर 2005 में, उन्हें देश का सर्वोच्च फिल्म सम्मान, दादा साहब फाल्के पुरस्कार मिला। इनके अलावा उन्हें कई बार राष्ट्रिय पुरुस्कारों से भी नवाज़ा जा चुका है।

जैसे ही उनके निधन की खबर लोगो को पता चली, वैसे ही सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि देने का सिलसिला शुरू हो गया। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि इतनी यादगार फिल्में देने के लिए वे सेन के हमेशा शुक्रगुज़ार रहेंगे। राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने उनकी मृत्यु को विश्व सिनेमा के लिए बहुत बड़ा नुकसान बताया।

इनके अलावा, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, भाकपा महासचिव सीताराम येचुरी और केंद्रीय मंत्री राज्यवर्धन राठौर ने अपना अपना दुःख ज़ाहिर किया।

बंगाली सिनेमा का प्रभाव हिंदी सिनेमा पर भी बहुत था। और शायद इसलिए बॉलीवुड से अमिताभ बच्चन, नंदिता दास, शूजित सरकार, महेश भट्ट, मधुर भंडारकर समेत कई दिग्गजों ने अपना गम साझा किया है।

https://twitter.com/ShoojitSircar/status/1079291710738481152

 

By साक्षी बंसल

पत्रकारिता की छात्रा जिसे ख़बरों की दुनिया में रूचि है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *