Thu. Apr 25th, 2024
    गुजरात बीजेपी

    चुनाव आयोग ने गुजरात में विधानसभा चुनावों की तारीख का ऐलान नहीं किया है पर भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दल जोर-शोर से चुनावी प्रचार अभियान में जुट गए हैं। गुजरात के सियासी समीकरण भाजपा के खिलाफ होते जा रहे हैं और कांग्रेस उनका फायदा उठाने की पुरजोर कोशिश कर रही है। मतदाताओं को साधने के लिए भाजपा और कांग्रेस के बड़े नेता लगातार गुजरात का दौरा कर रहे हैं। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात पहुँच रहे हैं। बीते 1 महीने के भीतर नरेंद्र मोदी की यह चौथी गुजरात यात्रा है। नरेंद्र मोदी आज गाँधीनगर में गुजरात गौरव यात्रा के समापन पर होने वाले गौरव महासम्मेलन में हिस्सा लेंगे।

    सरकार से नाराज चल रहे पाटीदार समाज को साधने के लिए भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने पाटीदार बिरादरी से आने वाले गुजरात के उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल के नेतृत्व में गुजरात गौरव यात्रा को हरी झंडी दिखाई थी। यह यात्रा ग्रामीण गुजरात की 149 विधानसभा सीटों से होकर गुजरी थी। 15 दिनों तक चालुई इस यात्रा में भाजपा के कई बड़े चहरे शामिल हुए। इनमें विदेश मंत्री सुषमा स्वराज, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नाम शामिल हैं। कई जगहों पर गुजरात गौरव यात्रा को पाटीदारों का विरोध भी झेलना पड़ा था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में भाजपा आज यात्रा समापन के अवसर पर विपक्षी दलों को अपनी ताकत का एहसास कराएगी। दीवाली पूर्व पीएम मोदी गुजरात के लिए तोहफों का पिटारा खोल सकते हैं।

    महीने भर में पीएम मोदी का चौथा दौरा

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महीने भर में यह चौथा गुजरात दौरा है। इससे पूर्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे के भारत दौरे के समय अहमदाबाद गए थे। अहमदाबाद में दोनों नेताओं ने बुलेट ट्रेन परियोजना की नींव रखी थी। इस दौरान पीएम मोदी जापानी प्रधानमंत्री शिंजो आबे के साथ अहमदाबाद की प्रसिद्द सिदी सैयद मस्जिद भी गए थे। इसके बाद अपने जन्मदिन पर पीएम मोदी दोबारा गुजरात में उपस्थित थे। इस दौरान उन्होंने नर्मदा नदी पर बने सरदार सरोवर बाँध को देश को समर्पित किया था। बीते 8 अक्टूबर को नरेंद्र मोदी अपने गृह नगर वडनगर गए थे। नरेंद्र मोदी ने जब से दिल्ली की गद्दी सँभाली है गुजरात में भाजपा की पकड़ ढ़ीली हो गई है। इसी के मद्देनजर भाजपा अभी से सतर्क हो गई है।

    पूरा जोर लगा रही है भाजपा

    आज नरेंद्र मोदी गाँधीनगर में गुजरात में चल रही 2 गौरव यात्राओं के समापन कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। भाजपा इस अवसर पर गौरव महासम्मेलन का आयोजन कर रही है। यह महासम्मेलन चुनावी दृष्टि से भाजपा के लिए काफी मायने रखता है। इस महासम्मेलन के प्रचार-प्रसार के लिए पूरे गुजरात में होर्डिंग्स-बैनर लगाए गए हैं। भाजपा ने गौरव महासम्मेलन के लिए एक नए नारे का इजाद भी किया है। यह नारा है – “हू छु विकास, हू छु गुजरात’ (मैं विकास हूँ, मैं गुजरात हूँ)। भाजपा ने गुजरात में प्रस्तावित विधानसभा चुनावों की तैयारियां परोक्ष रूप से शुरू कर दी है। गुजरात गौरव यात्रा में भाजपा के कई बड़े चेहरे शामिल हो चुके हैं। इनमें गृह मंत्री राजनाथ सिंह, विदेश मंत्री सुषमा स्वराज, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के नाम शामिल हैं।

    दीवाली बाद गुजरात आएंगे राहुल

    कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गाँधी भी पिछले कुछ समय से राजनीतिक रूप से काफी सक्रिय नजर आ रहे हैं। अमेरिका दौरे से लौटने के बाद उनका मिजाज काफी बदला-बदला सा नजर आ रहा है। नवरात्रि के दौरान राहुल गाँधी ने सौराष्ट्र का दौरा किया था और कांग्रेस की हिंदुत्व विरोधी छवि सुधारने की कोशिश की थी। इसके बाद राहुल गाँधी ने भाजपा के गढ़ कहे जाने वाले मध्य गुजरात का दौरा किया था। राजनीतिक गलियारों में इस बात की चर्चा जोरों पर है कि राहुल गाँधी दीवाली बाद कांग्रेस की कमान सँभाल सकते हैं। दीवाली बाद राहुल गाँधी के गुजरात आने की भी चर्चा है। गुजरात विधानसभा चुनावों को लेकर चुनाव आयोग ने भी किसी तरह की अधिसूचना जारी नहीं की है। कांग्रेस यह आरोप लगा रही है कि केंद्र सरकार के दबाव में आकर चुनाव आयोग ने ऐसा किया है।

    By हिमांशु पांडेय

    हिमांशु पाण्डेय दा इंडियन वायर के हिंदी संस्करण पर राजनीति संपादक की भूमिका में कार्यरत है। भारत की राजनीति के केंद्र बिंदु माने जाने वाले उत्तर प्रदेश से ताल्लुक रखने वाले हिमांशु भारत की राजनीतिक उठापटक से पूर्णतया वाकिफ है।मैकेनिकल इंजीनियरिंग में स्नातक करने के बाद, राजनीति और लेखन में उनके रुझान ने उन्हें पत्रकारिता की तरफ आकर्षित किया। हिमांशु दा इंडियन वायर के माध्यम से ताजातरीन राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर अपने विचारों को आम जन तक पहुंचाते हैं।