Sat. Apr 20th, 2024
    नरेंद्र मोदी

    महाराष्ट्र में हालिया संपन्न पंचायत चुनावों में भाजपा का सिक्का जमकर चला है। अब तक आए नतीजों में भाजपा ने तकरीबन 50 फीसदी सीटों पर जीत दर्ज की है। इस जीत से महाराष्ट्र में भाजपा की लगातार बढ़ रही लोकप्रिता का अंदाजा लगाया जा सकता है। इससे पहले हुए निकाय चुनावों में भी भाजपा ने जीत हासिल की थी। 7 अक्टूबर को महाराष्ट्र की 3,884 ग्राम पंचायतों में चुनाव हुए थे। आज उनमें से 2,947 पंचायतों के नतीजे सामने आए जिसमें से 1,457 ग्राम पंचायतों पर भाजपा ने अपना कब्जा जमाया। नतीजों पर खुशी जताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने ट्विटर हैंडल से महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को बधाई दी है और भाजपा की महाराष्ट्र इकाई को भी इसकी बधाई दी है। भाजपा के विकास के एजेण्डे का समर्थन करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाराष्ट्र की जनता को भी धन्यवाद दिया है।

    अपने ट्वीट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पंचायत चुनावों में शानदार प्रदर्शन के लिए महाराष्ट्र भाजपा, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और राव साहेब दानवे को बधाई दी है। ग्राम पंचायत चुनावों में भाजपा की जबरदस्त जीत पर खुशी जाहिर करते नरेंद्र मोदी ने लिखा है कि महाराष्ट्र के ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं, किसानों और गरीबों ने भाजपा के विकास के एजेण्डे का समर्थन किया है। यह ग्रामीण क्षेत्रों में भाजपा को मिले जबरदस्त समर्थन की बानगी है। नरेंद्र मोदी ने महाराष्ट्र की जनता का धन्यवाद करने के लिए मराठी में भी ट्वीट किया और लिखा “महाराष्ट्रतील जनतेचे मन:पुर्वक आभार।”

    महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने ग्राम पंचायत चुनावों में मिली जीत पर बधाई देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने लिखा कि महाराष्ट्र ग्राम पंचायत चुनावों में भाजपा को मिली यह जीत लोगों में आपके प्रति कायम विश्वास की जीत है। देवेंद्र फडणवीस ने लिखा कि यह आपके कुशल नेतृत्व और विकास को हर आखिरी आदमी तक पहुँचाने के प्रयासों की जीत है।

    गुजरात निकाय चुनावों में भी लहराया भाजपा का परचम

    भाजपा ने गुजरात में हुए निकाय उपचुनावों में भी जीत हासिल की है। पाटीदार आन्दोलन और जीएसटी की वजह से गुजरात में बैकफुट पर चल रही भाजपा को इस जीत से मजबूती मिली है। भाजपा ने निकाय उपचुनावों में सूबे में 8 में से 6 सीटों पर जीत दर्ज की है। 7 जिलों में हुए नगर निगम चुनावों में भाजपा ने 5 जगहों पर जीत हासिल की वहीं एक तालुका सीट भी भाजपा के खाते में रही। पूर्व में इन 8 में से 2 सीटों पर ही भाजपा का कब्जा था। भाजपा ने बोरियावी, माहुधा, विजापुर, पाटन, तलाला सीट पर जीत दर्ज की है। इसके अतिरिक्त गांधीनगर जिले की रांधेजा तालुका सीट पर भी भाजपा ने जीत हासिल की। निकाय उपचुनावों के परिणाम आने के बाद गुजरात में भाजपा की लोकप्रियता घटने की बातें अफवाह नजर आने लगी हैं।

    By हिमांशु पांडेय

    हिमांशु पाण्डेय दा इंडियन वायर के हिंदी संस्करण पर राजनीति संपादक की भूमिका में कार्यरत है। भारत की राजनीति के केंद्र बिंदु माने जाने वाले उत्तर प्रदेश से ताल्लुक रखने वाले हिमांशु भारत की राजनीतिक उठापटक से पूर्णतया वाकिफ है।मैकेनिकल इंजीनियरिंग में स्नातक करने के बाद, राजनीति और लेखन में उनके रुझान ने उन्हें पत्रकारिता की तरफ आकर्षित किया। हिमांशु दा इंडियन वायर के माध्यम से ताजातरीन राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर अपने विचारों को आम जन तक पहुंचाते हैं।