Thu. Apr 25th, 2024
    मध्य प्रदेश राघोगढ़ नगरपालिका चुनाव

    मध्य प्रदेश के गुना जिले में आयोजित हुए राघोगढ़ नगरपालिका चुनाव में कांग्रेस को 20 वार्डों पर बढ़त प्राप्त हुई है, तो वहीँ भाजपा केवल 4 वार्डों पर ही आगे रहकर अपना परचम लहरा पायीI भारतीय जनता पार्टी को भारी झटका देते हुए 24 वार्डों पर हुए इस मतदान में कांग्रेस ने साफ़ बढ़त हासिल कर ली हैI

    ज्ञात हो कि मध्य प्रदेश के पाँच जिलों में नगरपालिका चुनाव 17 जनवरी , 2018 को आयोजित किया गया थाI यह पाँच जिले हैं धार, बारवानी, खंडवा, गुना, और अनुपपुर हैंI मतदान सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित किया गया था और सुरक्षा के पूर्ण इंतज़ाम कराये गए थे ताकि मतदान शांतिपूर्वक सफल हो सकेI चुनाव आयोग के अनुसार राज्य में कुल 66% मतदान दर्ज किया गया थाI इनमे से आज गुना जिले के परिणाम सामने आ गए हैंI 

    शनिवार को सुबह 9 बजे से प्रारंभ हुई वोटों की गिनती में कांग्रेस की प्रत्याशी आरती शर्मा भाजपा की प्रत्याशी मायादेवी अग्रवाल से लगभग 4,500 से आगे रहींI पिछले दो दशक से राघोगढ़ – विजयपुर नगर परिषद में कांग्रेस ने ही अपना दबदबा कायम रखा हैI कांग्रेस 2003 से राज्य में सत्ता से बाहर हो गई थीI यदि राजनीतिक विशेषज्ञों की मानें तो पार्टी की बड़ी जीत से कांग्रेस को नैतिक प्रोत्साहन मिलेगा, जो इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनावों में भाजपा को हराकर राज्य की सत्ता वापिस पाने की योजना बना रही हैI इस साल के अंत में होने वाले मध्य प्रदेश राज्य के विधानसभा चुनाव से पहले इस नगरपालिका चुनाव को सेमीफाइनल की तरह माना जा रहा है।

    गुजरात विधानसभा चुनाव में जहाँ कांग्रेस ने भाजपा के 99 सीटों के मुकाबले 80 सीटें हासिल कर 35 सालों में अपना उच्चतम प्रदर्शन किया वहीं मध्य प्रदेश में ये जीत पार्टी के जश्न को दोगुना कर देती हैI आपको बता दें कि जबसे राहुल गाँधी ने कांग्रेस का अध्यक्ष पद संभाला है तभी से जनता का विश्वास पार्टी पर दोबारा दिखने लगा हैI आने वाले विधान सभा चुनावों के लिए भी पार्टी की तैयारियां ज़ोरों पर हैI इसी के चलते पार्टी ने शनिवार को एक अभियान का ऐलान किया जिसके तहत अगले एक महीने में पार्टी कार्यकर्ताओं की 2000 की करीब बैठकें आयोजित होंगी जिसमे भाजपा सरकार की विफलताओं का विवरण किया जायेगाI