Tue. Apr 23rd, 2024
    मौसम

    भोपाल, 9 मई (आईएएनएस)| मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित अन्य हिस्सों में गर्मी बढ़ने के साथ ही तापमान में भी बढ़ोतरी हुई है। बीते 24 घंटों में अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस के साथ खजुराहो सबसे गर्म रहा।

    मौसम विभाग के अनुसार, हवाओं के रुख में बदलाव के कारण तापमान और मौसम बदल रहा है। पश्चिमी हवाओं की वजह से राज्य में गर्मी बढ़ी है। खजुराहो सबसे गर्म रहा जहां तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गुरुवार की सुबह से तेज धूप खिलने से लोगों को गर्मी व चुभन का सामना करना पड़ा।

    मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि, आगामी दिनों में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने पर हल्के बादल छाने के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे तापमान में गिरावट होने की संभावना है।

    राज्य के तापमान में बदलाव का दौर जारी है। गुरुवार को भोपाल का न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 30, ग्वालियर का 30.5 और जबलपुर का न्यूनतम तापमान 27.2 सेल्सियस दर्ज किया गया।

    वहीं, बुधवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 39.4 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर का 43.5 डिग्री सेल्सियस और जबलपुर का अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस रहा।

    By पंकज सिंह चौहान

    पंकज दा इंडियन वायर के मुख्य संपादक हैं। वे राजनीति, व्यापार समेत कई क्षेत्रों के बारे में लिखते हैं।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *