Fri. Apr 19th, 2024

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कैबिनेट विस्तार की संभावनाओं के बीच राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कई राज्यों के राज्यपालों को बदल दिया है। केंद्रीय मंत्री थावरचंद गहलोत को कर्नाटक का राज्यपाल बनाया गया है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कर्नाटक, मध्यप्रदेश और हिमाचल समेत आठ राज्यों में नए राज्यपाल नियुक्ति किए हैं।

    मोदी मंत्रिमंडल के विस्तार से पहले राजस्थान से आने वाले दलित नेता और केंद्र में सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री थावर चंद गहलोत को कर्नाटक का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। इसके अलावा हरि बाबू कंभमपति को मिजोरम का राज्यपाल और मंगूभाई छगनभाई पटेल को मध्यप्रदेश का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।

    8 में से 4 का ट्रांसफर, 4 नए गवर्नर

    मंगूभाई छगनभाई पटेल: मध्य प्रदेश के राज्यपाल होंगे।

    थावर चंद गहलोत: केंद्रीय मंत्री थे, अब कर्नाटक के राज्यपाल होंगे।

    रमेश बैस: त्रिपुरा के गवर्नर थे, अब झारखंड के गवर्नर होंगे।

    बंडारू दत्तात्रेय: हिमाचल के गवर्नर थे, अब हरियाणा के राज्यपाल होंगे।

    सत्यदेव नारायण आर्य: हरियाणा के राज्यपाल थे, अब त्रिपुरा के गवर्नर होंगे।

    राजेंद्र विश्वनाथ आरलेकर: हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल होंगे।

    पीएएस श्रीधरन पिल्लई: मिजोरम के राज्यपाल थे, अब गोवा के गवर्नर होंगे।

    हरिबाबू कम्भमपति: मिजोरम के राज्यपाल होंगे।

    4 नए गवर्नर

    थावर चंद गहलोत: दलित नेता थावरचंद मध्य प्रदेश के नागदा से ताल्लुक रखते हैं। 2014 में नरेंद्र मोदी जब पहली बार प्रधानमंत्री बने तो थावर चंद को सोशल जस्टिस मिनिस्टर बनाया। तब से अब तक वे इसी पद पर रहे। वे भाजपा के संसदीय दल और केंद्रीय चुनाव समिति के सदस्य भी हैं।

    मंगूभाई छगनभाई पटेल: 2014 में जब मोदी प्रधानमंत्री थे, तब मंगूभाई पटेल गुजरात विधानसभा के सभापति थे। इससे पहले वो गुजरात कैबिनेट का भी हिस्सा रहे। वे नवसारी से विधायक रह चुके हैं।

    राजेंद्र विश्वनाथ आरलेकर: आरलेकर 1980 से गोवा भाजपा से जुड़े हुए हैं। भाजपा के महासचिव रह चुके हैं। 2014 में जब गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर को मोदी ने केंद्र में रक्षा मंत्री बनाया था, तब आरलेकर को पर्रिकर के विकल्प के तौर पर देखा जा रहा था। हालांकि भाजपा ने लक्ष्मीकांत पारसेकर को सीएम बनाया। आरलेकर को ही गोवा असेंबली को पेपरलेस बनाने का क्रेडिट दिया जाता है।

    हरिबाबू कम्भमपति: छात्र नेता के तौर पर उन्होंने अलग आंध्र प्रदेश के लिए ‘जय आंध्र’ आंदोलन में हिस्सा लिया। जय प्रकाश नारायण के साथ भी आंदोलन में शामिल रहे और मीसा के तहत अरेस्ट भी हुए। वे विशाखापटट्‌टनम से सांसद रहे।

    अगस्त 2018 में 7 राज्यों के गवर्नर बदले गए थे

    इससे पहले अगस्त 2018 में एक साथ 7 राज्यों के राज्यपाल बदले गए थे। उस समय हरियाणा के राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी को त्रिपुरा की जिम्मेदारी दी गई थी। वहीं, मेघालय के राज्यपाल गंगा प्रसाद को सिक्किम और त्रिपुरा के राज्यपाल तथागत राय को गंगा प्रसाद की जगह मेघालय भेजा गया। साथ ही, बेबी रानी मौर्य को उत्तराखंड, सत्यदेव नारायण आर्य को हरियाणा, सत्यपाल मलिक को जम्मू-कश्मीर और लालजी टंडन को बिहार का राज्यपाल बनाया गया था।

    By आदित्य सिंह

    दिल्ली विश्वविद्यालय से इतिहास का छात्र। खासतौर पर इतिहास, साहित्य और राजनीति में रुचि।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *