Fri. Mar 29th, 2024
    इंडोनेशिया भूकंप जकार्ता

    इंडोनेशिया में बाली द्वीप पर ज्वालामुखी विस्फोट के बाद एक और नई आपदा आई है। इंडोनेशिया में तेज भूकंप के झटके महसूस किए गए है। इस भूकंप के बाद बड़ी मात्रा में इमारतों और घरों के टूटने की खबर आई है। इसके बाद अब तक तीन लोगों के मरने की खबर आ गयी है।

    आपदा प्रबंधन अधिकारियों के मुताबिक इंडोनेशिया के पश्चिम जावा प्रांत में शुक्रवार को कई बार भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए है। इंडोनेशिया में दूसरा भूकंप आने के बाद आपदा एजेंसियों ने तीनों प्रांतों पश्चिम जावा, मध्य जावा और योग्याकार्टा में सुनामी की चेतावनी जारी की है।

    इंडोनेशिया के पश्चिमी जावा शहर के 48 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में शुक्रवार को 11.04 बजे सुकाबूमि में 4.5 तीव्रता का पहला भूकम्प आया था। इस भूकंप का केन्द्र करीब 50 किलोमीटर की गहराई पर था।

    वहीं भूकंप का दूसरा झटका लगभग 40 मिनट बाद महसूस किया गया। दूसरी बार भूकंप कावलु के 74 किमी दूर दक्षिण-पश्चिम में उपरिकेंद्र में महसूस किया गया जो कि प्रांत के तसिकमलया क्षेत्र में 105 किलोमीटर की गहराई में स्थित था। रिक्टर पैमाने पर इस भूकंप की तीव्रता 7.3 मापी गई।

    मौसम विज्ञान और विभिन्न भौगोलिक एजेंसियों के मुताबिक तीसरी बार 6.9 तीव्रता के भूंकप का झटका तसिकमलया क्षेत्र के 11 किमी दूर दक्षिण-पश्चिम में 107 किमी की गहराई में आया। तीन बार भूकंप के तेज झटके आने के बाद आपदा एजेंसियों ने सुनामी की चेतावनी जारी की है।

    इंडोनेशिया में ज्वालामुखी ने भी मचाई थी तबाही

    इंडोनेशिया के आपदा निवारण एजेंसी के प्रवक्ता सुतोपो पूर्वो नुग्रोहो ने बताया कि भूकंप की वजह से पश्चिम जावा और मध्य जावा प्रांत में दो लोग मारे गए है और सात अन्य घायल हो गए। भूंकप से करीब 100 से अधिक इमारतों को नुकसान पहुंचा है।

    गौरतलब है कि इंडोनेशिया में भूकंप से कुछ सप्ताह पहले ही ज्वालामुखी संबंधित आपदा भी आई थी। इंडोनेशिया के बाली द्वीप के पास अंगुग पर्वत पर ज्वालामुखी फटने से हजारों लोगों को घर छोड़ने पर मजबूर होना पड़ा था और साथ ही बड़ी संख्या में कई दिनों तक हवाईअड्डे व फ्लाइट रद्द हुई थी।