Fri. Apr 19th, 2024
    गुजरात में नरेंद्र मोदी

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के दहेज़ में एक रैली को सम्बोधित करते हुए कहा कि देश की अर्थव्यवस्था सही रास्ते पर है और सरकार कई तरह के आर्थिक सुधारों पर जोर दे रही है।

    नरेंद्र मोदी ने कल गुजरात में घोघा-दहेज नौका सेवा की शुरुआत की। इसके जरिये गुजरात में आर्थिक सुधार के साथ साथ विकास कार्यों में भी मदद मिलेगी। इस सेवा के जरिये दक्षिण गुजरात को सौराष्ट्र से जोड़ा जाएगा। इसके पूरा होने पर लोगों को आवागमन और परिवहन में काफी मदद मिलेगी।

    इस दौरान मोदी ने अपने भाषण में कहा, ‘कई कठिन फैसलों और सुधारों के बाद देश की अर्थव्यवस्था आखिरकार फिर से मजबूत हुई है। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि भारी मात्रा में निवेश और विकास कार्य हों।’

    मोदी ने आगे कहा, ‘ताजा आंकड़ों को देखते हुए यह पता लगता है कि कोयला, बिजली, प्राकृतिक गैस इत्यादि के उत्पादन में वृद्धि हुई है। विदेशी निवेशक भारत में बड़ी मात्रा में निवेश कर रहे हैं। देश में विदेशी मुद्रा भंडार 400 बिलियन डॉलर (25 लाख करोड़ रूपए) से ज्यादा पहुँच गया है।’

    प्रधानमंत्री मोदी के सामने आगामी गुजरात चुनाव काफी महत्वपूर्ण हैं। मोदी इसी महीने तीन बार गुजरात का दौरा कर चुके हैं। कांग्रेसी उपाध्यक्ष राहुल गाँधी ने गुजरात का दौरा किया था। इस दौरान राहुल गाँधी ने लगातार मोदी के फैसलों पर सवाल उठाये थे। उन्होंने देश के विकास के धीमे होने पर भी मोदी को जिम्मेदार ठहराया था।

    इसके बाद अब राज्य की जनता का भरोसा जीतने के लिए मोदी और उनकी पार्टी भरसक प्रयास कर रहे हैं। मोदी ने हाल ही में गुजरात के वड़ोदरा में 3600 करोड़ रुपयों के विकास कार्य की घोषणा की है। इसके जरिये मोदी ने यहाँ की जनता को यह बताने की कोशिश की है कि यदि केंद्र और गुजरात में एक ही सरकार रहती है, तो विकास कार्यों को मजबूती मिलेगी।

    मोदी ने इस दौरान कांग्रेस पर भी जमकर निशाना साधा। मोदी ने कहा कि कांग्रेस के पूर्व नेताओं ने गुजरात में अनेक कार्यो पर रोक लगायी थी। मोदी ने कहा कि सरदार पटेल के समय तत्कालीन प्रधानमंत्री (जवाहरलाल नेहरू) ने नर्मदा बाँध और सोमनाथ मंदिर जैसे विकास कार्यों को नहीं होने दिए था।

    मोदी ने इस दौरान जीएसटी की सफलता पर कहा, ‘पिछले कुछ महीनों में लगभग 27 लाख लोगों ने टैक्स के लिए आवेदन किया है। कोई भी व्यापारी टैक्स देने से बचना चाहता है लेकिन नया कानून उन्हें ऐसा करने से रोकता है।’

    By पंकज सिंह चौहान

    पंकज दा इंडियन वायर के मुख्य संपादक हैं। वे राजनीति, व्यापार समेत कई क्षेत्रों के बारे में लिखते हैं।