Thu. Apr 25th, 2024

    भारतीय रक्षामंत्री निर्मला सीतारमण ने हाल ही में अरुणाचल प्रदेश का दौरा किया था। रक्षामंत्री के इस दौरे को लेकर चीन ने कड़ी आपत्ति जताई है। चीनी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता हुआ चुनिंग ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि अरूणाचल प्रदेश विवादित इलाका है।

    और विवादित इलाके का दौरा करना क्षेत्र में शांति के लिए अनुकूल नहीं है। इस दौरे को लेकर भारत को चीन की स्थिति के बारे में पूरी तरह से स्पष्ट रहना होगा। (भारत चीन सम्बन्ध)

    गौरतलब है कि रक्षामंत्री ने रविवार को चीन की सीमा से सटे अरूणाचल प्रदेश के अनजा जिले का दौरा किया था। यहां पर रक्षामंत्री ने सेना की तैयारियों का जायजा लिया था। यहां पर सैनिकों के साथ रक्षामंत्री ने मुलाकात की व विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।

    रक्षामंत्री निर्मला सीतारमण पिछले महीने भी भारत-चीन सीमा से सटे इलाके नाथू ला में गई थी। अब चीनी सीमा से सटे इलाकों का दूसरा दौरा करते ही चीन बौखला गया है। चीन ने भारत को शांति बनाए रखने की अपील की है।

    अरूणाचल प्रदेश पर चीन अपना हक जताता है

    अरूणाचल प्रदेश पर भारत व चीन के बीच विवाद है। दरअसल चीन दावा करता है कि अरूणाचल प्रदेश दक्षिणी तिब्बत का हिस्सा है। वह भारतीय शीर्ष अधिकारियों के इस इलाके के दावे पर नियमित रूप से आपत्ति जताता है। भारत और चीन के बीच वास्तविक नियंत्रण रेखा 3,488 किमी लंबी है।

    भारत-चीन इस मुद्दे के हल के लिए करीब 19 बार वार्ता कर चुके है लेकिन अभी तक कोई हल नहीं निकला है। इसलिए ही चीन रक्षामंत्री के दौरे को लेकर नाराजगी व्यक्त कर रहा है। चीनी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता ने कहा है कि भारत को चीन के साथ इस मुद्दे को बातचीत के साथ सुलझाना चाहिए।

    हाल ही में कुछ समय पहले ही भारत व चीन के बीच मे डोकलाम विवाद को लेकर चल रहा विवाद समाप्त हुआ है। डोकलाम विवाद के चलते दोनों देशों की सेनाएं आमने-सामने हो गई थी।