Fri. Apr 26th, 2024
    नरेंद्र मोदी और अमित शाह

    आज भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक का दूसरा दिन था। बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री राजनाथ सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेता लालकृष्ण अडवाणी, भूतल परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, रेल मंत्री पीयूष गोयल समेत भाजपा के सभी नामी-गिरामी चेहरे शामिल हुए। कार्यकारिणी को सम्बोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि भाजपा आने वाली चुनौतियों के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि 2019 के लोकसभा चुनावों में भाजपा 2014 से भी बड़ी जीत हासिल करेगी। अपने सम्बोधन के दौरान भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने केरल और पश्चिम बंगाल में हुई राजनीतिक हिंसा की आलोचना की।

    निशाने पर रहे राहुल गाँधी और कांग्रेस

    अमित शाह ने कहा कि आज देश का हर नागरिक चाहता है कि भारत गरीबी, गन्दगी और तुष्टीकरण की राजनीति से मुक्त हो। उनका इशारा पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के हालिया आदेश की ओर था जिसमें उन्होंने मुहर्रम के दिन दुर्गा मूर्ति विसर्जन पर रोक लगा दी थी। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गाँधी के हालिया अमेरिकी दौरे के दौरान उनके द्वारा दिए गए बयानों पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि वंशवाद और परिवारवाद की राजनीति कांग्रेस की देन है। राहुल गाँधी विदेश में जाकर भारत की गरिमा को मटियामेट कर रहे हैं। राहुल गाँधी और कांग्रेस की तुष्टीकरण की राजनीति को भाजपा देश की जनता नकार चुकी है और अब उनके दिन लड़ चुके हैं। भाजपा परिणामपरक राजनीति में विश्वास करती है। भाजपा “सबका साथ, सबका विकास” में यकीन रखने वाली पार्टी है।

    पीयूष गोयल ने मीडिया के सामने रखा अमित शाह का पक्ष

    रेल मंत्री पीयूष गोयल ने मीडिया के सामने भाजपा अध्यक्ष अमित शाह का पक्ष रखा उन्होंने कार्यकारिणी के बैठक की प्रमुख बातें मीडिया को बताई और भविष्य की रणनीतियों के बारे में जानकारी दी। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के हवाले से उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता केरल और पश्चिम बंगाल में हुई राजनीतिक हिंसा से डरने वालों में से नहीं हैं। उन्होंने कहा कि कोई कितना भी हिंसा का कीचड़ फैलाए, भाजपा का कमल उतना ही निखर कर खिलेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता 3 से 17 अक्टूबर तक केरल में पदयात्रा करेंगे। पीयूष गोयल ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनकल्याणकारी योजनाओं से देश की जनता लाभान्वित हुई है और विश्वभर में भारत की छवि सुधरी है। उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनों से आज देश के नागरिक खुद को सुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

    प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना का जिक्र करते हुए अमित शाह के हवाले से पीयूष गोयल ने कहा कि मोदी सरकार ने देशभर में 2 करोड़ महिलाओं को मुफ्त एलपीजी कनेक्शन दिया। देश के 7.5 करोड़ लोगों को प्रधानमंत्री मुद्रा योजना का लाभ मिल रहा है। गरीबी हटाने और युवाओं को रोजगार मुहैया कराने के लिए मोदी सरकार “न्यू इंडिया मॉडल” पर काम कर रही है। बैठक में नोटबंदी और जीएसटी के फायदे गिनाए गए और देश की अर्थव्यवस्था के विकास में इनके योगदान का जिक्र किया गया। भाजपा अध्यक्ष ने आगामी विधानसभा चुनावों और 2019 के लोकसभा चुनावों का रोडमैप भी पेश किया और मोदी सरकार की नीतियां जनता तक पहुँचाने की बात कही।

    ओबीसी आरक्षण की वकालत

    केंद्रीय भूतल परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि डोकलाम मुद्दे पर मिली कूटनीतिक जीत की विश्वभर में प्रशंसा हो रही है। डोकलाम मुद्दे पर सरकार का जो रुख रहा है वह वाकई काबिलेतारीफ है। उन्होंने बुलेट ट्रेन परियोजना को मोदी सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक बताया। उन्होंने कहा कि केरल में पिछले 14 महीनों में 14 कार्यकर्ताओं की हत्या हुई है वहीं देशभर में पत्रकारों पर भी लगातार हमले हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ओबीसी आरक्षण की पक्षधर है। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के न्यू इंडिया के सपने को साकार करने में लगी हुई है। भाजपा आगे भी जनहित में कार्य करना जारी रखेगी।

    आलोचना के बिंदुओं पर रही नजर

    भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की इस दो दिवसीय बैठक में देशभर से सांसदों, विधायकों, पार्षदों और प्रदेश अध्यक्षों समेत 2000 कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया था। राष्ट्रीय कार्यकारिणी की इस बैठक में मोदी सरकार के कार्यकाल के दौरान आलोचना का केंद्र रहे प्रमुख बिंदुओं पर भी चर्चा की गई। इनमें जीएसटी, नोटबंदी और रोहिंग्या मुसलामानों पर केंद्र सरकार का रुख प्रमुख थे। भाजपा आलाकमान ने नोटबंदी और जीएसटी के फायदे बताने के लिए अपने मंत्रियों और नेताओं को निर्देश दिए वहीं रोहिंग्या मुसलामानों के मुद्दे पर केंद्र सरकार का रुख स्पष्ट किया।

    By हिमांशु पांडेय

    हिमांशु पाण्डेय दा इंडियन वायर के हिंदी संस्करण पर राजनीति संपादक की भूमिका में कार्यरत है। भारत की राजनीति के केंद्र बिंदु माने जाने वाले उत्तर प्रदेश से ताल्लुक रखने वाले हिमांशु भारत की राजनीतिक उठापटक से पूर्णतया वाकिफ है।मैकेनिकल इंजीनियरिंग में स्नातक करने के बाद, राजनीति और लेखन में उनके रुझान ने उन्हें पत्रकारिता की तरफ आकर्षित किया। हिमांशु दा इंडियन वायर के माध्यम से ताजातरीन राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर अपने विचारों को आम जन तक पहुंचाते हैं।