Thu. Mar 28th, 2024

    भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव फिलहाल टाल दिया है। पहले नए अध्यक्ष की चुनाव की प्रक्रिया 17 दिसंबर से शुरू होनी थी, लेकिन अब यह प्रक्रिया 14 जनवरी के बाद टाल दी गई है। भाजपा के संविधान के मुताबिक, 50 फीसदी राज्यों में संगठन का चुनाव हो जाने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए चुनाव की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है और नए अध्यक्ष का चुनाव हो सकता है।

    अभी तक पार्टी ने 18 राज्यों से अधिक राज्यों में संगठन का चुनाव करा लिया है। ऐसे में पार्टी नए अध्यक्ष के लिए चुनाव की प्रक्रिया शुरू कर सकती थी, लेकिन पार्टी हाईकमान की हरी झंडी नहीं मिलने की वजह से प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी।

    सूत्रों के मुताबिक इसके पीछे वजह यह भी है कि 16 दिसंबर से संक्राति शुरू हो गई है। भाजपा कोई भी शुभ काम इस दौरान नहीं करती। लिहाजा अब चुनाव की प्रक्रिया 14 जनवरी 2020 के बाद ही शुरू होगी। बता दें कि भाजपा के संविधान के मुताबिक प्रत्येक तीन वर्ष में संगठन का चुनाव होता है। इस दौरान, मंडल, जिला, राज्यस्तर तक चुनाव होता है।

    भाजपा अध्यक्ष अमित शाह का कार्यकाल जनवरी 2019 में खत्म हो गया था लेकिन आम चुनाव के चलते राष्ट्रीय कार्यकारिणी ने एक प्रस्ताव पारित कर कार्यकाल दिसंबर 2019 तक बढ़ा दिया। बाद में चुनाव जीतने के बाद अमित शाह केन्द्रीय कैबिनेट में शामिल कर लिए गए, इसलिए पार्टी की दिनचर्या के कामकाजों को निपटाने के लिए जेपी नड्डा को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया।

    उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय कार्यकारिणी के चुनाव के लिए पूर्व कृषि मंत्री राधा मोहन सिंह को चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया है।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *