Fri. Apr 19th, 2024
    शशि कपूर

    दिग्गज फिल्म अभिनेता और कपूर परिवार के सदस्य शशि कपूर का 79 साल की उम्र में निधन हो गया है। आपको बता दें कि शशि काफी समय से बीमार चल रहे थे एवं वर्तमान में अस्पताल में भर्ती थे। कल सुबह उनके पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार किया जाएगा।

    शशि कपूर के परिवार ने उनकी मौत की खबर मीडिया को बतायी।

    पृथ्वीराज कपूर के तीसरे बेटे शशि ने साल 1941 में बॉलीवुड में अपने सफर की शुरुआत की थी। अपने जीवन काल में शशि ने ढेरों हिंदी और अंग्रेजी फिल्मों में अभिनय किया है। शशि कई फिल्मों के निर्माता भी रहे हैं।

    फ़िल्मी जगत को अपार योगदान देने वाले शशि को साल 2011 में भारत सरकार ने पद्मा भूषण ने नवाजा था। इसके बाद साल 2015 में बॉलीवुड के सबसे बड़े पुरुष्कार दादा साहेब फाल्के पुरुष्कार से भी शशि को नवाजा गया था। कपूर परिवार में इस पुरुष्कार को पाने वाले वे पृथ्वीराज कपूर और राज कपूर के बाद तीसरे सदस्य थे।

    शशि कपूर को फ़िल्मी दुनिया में अमिताभ बच्चन के बड़े भाई के रूप में जाना जाता था। दोनों ने मिलकर कुल 12 फिल्मों में काम किया था। इनमे दीवार, रोटी कपडा और मकान, कभी-कभी, ईमान धरम जैसी बड़ी फिल्में शामिल थी। इनमे सबसे ज्यादा उन्हें पहचान दीवार फिल्म से मिली थी।

    साल 1956 में शशि ने अपनी सहयोगी जेनिफर केंडल से शादी की। दोनों ने तीन बच्चों को जन्म दिया था, जिनमे कुनाल कपूर, कारण कपूर और संजना कपूर शामिल हैं। साल 1984 में शशि की पत्नी की कैंसर से मौत हो गयी थी, जिसके बाद शशि बिलकुल अकेले हो गए थे। इसके बाद शशि ने बहुत कम फिल्मों में काम किया और ज्यादातर बीमार ही रहे।

    By पंकज सिंह चौहान

    पंकज दा इंडियन वायर के मुख्य संपादक हैं। वे राजनीति, व्यापार समेत कई क्षेत्रों के बारे में लिखते हैं।