Fri. Apr 19th, 2024
    बैंगलोर में गड्ढायुक्त सड़क

    देश की आईटी सिटी कहा जाने वाले बैंगलोर में पिछले चंद दिनों में सड़कों पर गड्डों की वजह से चार लोगों की जान जा चुकी है। इस मामले में लोगों ने कर्णाटक की कांग्रेस सरकार को जिम्मेदार ठहराया है।

    इसी सप्ताह एक महिला की सड़क पर गिर जाने से मौत हो गयी थी। इसके पीछे का कारण गड्ढायुक्त सड़क बताई गयी थी। इसके बाद अब विपक्षी दलों और आम जनता ने सिद्दारमैया सरकार को इसका जिम्मेदार बताया है।

    कर्णाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपाई नेता येदियुरप्पा ने इसका जिम्मेदार सिद्दारमैया को बताया है। उन्होंने कहा, ‘सड़कों की यह स्थिति बैंगलोर और कर्णाटक के इतिहास में सबसे खराब है।’ एक अन्य भाजपाई कार्यकर्ता ने कहा, ‘बैंगलोर आईटी सिटी नहीं बल्कि गड्डा सिटी है। यह सिद्दारमैया सरकार का चेहरा है। लोगों की मौत हो रही है और सिद्दारमैया आराम कर रहे हैं।’

    चार लोगों की मौत पर सवाल पूछे जाने पर भाजपा नेता ने कहा कि चार नहीं, आठ लोग। उन्होंने कहा, ‘सिद्दारमैया सरकार को शर्म आनी चाहिए। निर्माण करने वाली कंपनियां बैंगलोर नगर पालिका को लूट रही है। सिद्दारमैया सो रहे हैं।’

    इस विषय में जब सिद्दारमैया से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि इन मौतों का कारण गड्डे नहीं बल्कि दुर्घटना है। इसके बाद सिद्दारमैया ने मीडिया के किसी भी सवाल का उत्तर देने से मना कर दिया।

    एक अन्य भाजपा नेता ने तो सिद्दारमैया को इस्तीफा देने को कह दिया। उन्होंने कहा, ‘सिद्दारमैया कहते हैं कि बैंगलोर को सिंगापुर बनाएंगे। ऐसे सिंगापुर बनाएंगे? मैं तो कहता हूँ कि सिद्दारमैया को इस्तीफा दे देना चाहिए। ‘

    By पंकज सिंह चौहान

    पंकज दा इंडियन वायर के मुख्य संपादक हैं। वे राजनीति, व्यापार समेत कई क्षेत्रों के बारे में लिखते हैं।