Thu. Apr 25th, 2024
    बलूचिस्तान पाकिस्तान

    बलूच शहीद दिवस के अवसर पर पाकिस्तानी प्रांत बलूचिस्तान के साथ ही दुनिया के कई देशों में बलूचिस्तान की आजादी के लिए शहीद हुए नायकों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। बलूचिस्तान की आजादी के लिए राजनीतिक पार्टी स्वतंत्रता बलूचिस्तान आंदोलन (एफबीएम) ने इस अवसर पर कई जगहों पर स्वतंत्रता संगोष्ठी का आयोजन भी किया।

    एफबीएम के कार्यकर्ताओं ने इस अवसर पर बलूचिस्तान के विभिन्न शहरों में पाकिस्तान के खिलाफ विरोध-प्रर्दशन किया और पाकिस्तानी सेना को बलूचिस्तान से वापस लौटने की मांग की।

    एफबीएम कार्यकर्ताओं ने बलूचिस्तान आजादी के लिए शहीद होने वाले परिवारों के सदस्यों को आश्वासन दिया कि वे उनके मिशन को जरूर से पूरा करेंगे। हाल ही में विश्व बलोच महिला फोरम ने भी भारत से मदद की अपील की थी।

    दुनिया के कई देशों में हुआ कार्यक्रम का आयोजन

    बलूच शहीद दिवस के अवसर पर बलूचिस्तान के साथ ही अफगानिस्तान, जर्मनी, स्वीडन, कनाडा और नीदरलैंड में भी विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान एफबीएम कार्यकर्ताओं के साथ ही मानवाधिकार कार्यकर्ताओं ने भी बलूचिस्तान लोगों पर किए जा रहे अत्याचारों के खिलाफ आवाज बुलंद की।

    इसके अलावा पाकिस्तानी सरकार से इन अत्याचारों को रोकने की मांग की। गौरतलब है कि बलूचिस्तान पर पाक सेना की तरफ से लगातार हिंसा व अत्याचार किए जा रहे है। बलूच महिलाओं, बच्चों व लोगों को शिकार बनाया जा रहा है।

    अफगानिस्तान में बलूच एकता परिषद व एफबीएम ने संयुक्त कार्यक्रम का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में लोगों ने कहा कि बलूचिस्तान में महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों सहित निर्दोष लोगों को पाकिस्तान सेना ने जबरन गिरफ्तार किया है।

    नीदरलैंड के हेग में एफबीएम के कार्यकर्ताओं ने बलूचिस्तान के शहीदों को सम्मान देने के लिए एक स्मारक सभा का आयोजन किया।

    वहीं जर्मनी में भी बलूच शहीद दिवस के अवसर पर एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान वक्ताओं ने अंतरराष्ट्रीय समुदायों से बलूचिस्तान में पाक सरकार की क्रूरता के खिलाफ मदद करने की अपील की। इस दौरान वक्ताओं ने बलूचिस्तान की आजादी के लिए बलूच एकता पर बल दिया।

    पाक पीएम ने की विकास पैकेज की घोषणा

    हाल ही में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहिद खाकन अब्बासी ने बलूचिस्तान प्रांत के लिए एक दस वर्षीय विकास पैकेज की घोषणा की है। जिसके तहत बलूचिस्तान प्रांत में कानून व सुरक्षा व्यवस्था के साथ ही यहां के लोगों के लिए मूलभूत सुविधाओं का विकास किया जाएगा।

    पाक पीएम ने कहा कि बलूचिस्तान के लोगों को शिक्षा, पेयजल और गैस सहित सभी मूलभूत सुविधाएं प्रदान की जाएगी। साथ ही बलूचिस्तान प्रांत को अन्य विकसित क्षेत्रों के समकक्ष लाने का प्रयास किया जाएगा।