Fri. Apr 19th, 2024
    फ्लिपकार्ट

    भारतीय ई-कॉमर्स की सबसे बड़ी कंपनी फ्लिपकार्ट ने हाल ही में सॉफ्टबैंक से करीबन 16000 करोड़ का निवेश प्राप्त किया है। सॉफ्टबैंक का यह निवेश भारतीय बाज़ारों में अभी तक का सबसे बड़ा निजी निवेश बताया जा रहा है। इसके साथ ही फ्लिपकार्ट का कैश रिज़र्व करीबन 25000 करोड़ हो गया है। इन पैसों से फ्लिपकार्ट अपने प्रतिद्वंद्वी अमेज़न को कड़ी टक्कर देगा। इस निवेश के साथ ही सॉफ्टबैंक फ्लिपकार्ट के निवेशकों की सूचि में सबसे ऊपर आ गया है।

    फ्लिपकार्ट ने हालांकि निवेश राशि मीडिया को नहीं बताई पर कुछ गुप्त सूत्रों से इस राशि का खुलासा हुआ है। सॉफ्टबैंक ने फ्लिपकार्ट में निवेश करने की तब सोची जब फ्लिपकार्ट ने स्नैपडील को खरीद लिया था। इस डील के साथ ही फ्लिपकार्ट भारतीय ई-कॉमर्स बाज़ार में सबसे बड़ा खिलाडी बन गया है।

    सॉफ्टबैंक के साथ हुई डील के बाद फ्लिपकार्ट के संस्थापक सचिन और बिन्नी बंसल ने मीडिया को बताया कि, ‘यह डील फ्लिपकार्ट और भारत के लिए एक ऐतिहासिक मोड़ है। विश्व में बहुत कम कंपनियां इतने बड़े निवेशकों को आकर्षित करती हैं। इस कदम से भारत ने विश्व को बता दिया है कि वह तकनीक और ई-कॉमर्स के जगत में विश्व में एक बड़ी शक्ति है। सॉफ्टबैंक के इतिहास को देखे तो हमे पता चलेगा कि सॉफ्टबैंक हमेशा से ही तकनीक संपन्न और मजबूत कंपनियों में निवेश करता आ रहा है।’

    इस डील के बाद सॉफ्टबैंक के मुख्य अधिकारी मासायोशी सोन ने बताया, ‘हम भारत में समृद्ध और मजबूत कंपनियों की मदद करना चाहते हैं। ऐसी कंपनियां भारत जैसे बड़े बाज़ार में लोगों के हित के लिए काम करती हैं। फ्लिपकार्ट एक ऐसी ही कंपनी है।’

    By पंकज सिंह चौहान

    पंकज दा इंडियन वायर के मुख्य संपादक हैं। वे राजनीति, व्यापार समेत कई क्षेत्रों के बारे में लिखते हैं।