Sat. Apr 20th, 2024
    पुलिस

    पुणे, 7 मई (आईएएनएस)| पुणे (ग्रामीण) पुलिस ने लगभग डेढ़ साल पहले चुराए गए एक मंदिर के सुनहरे गुंबद को बरामद करने में सफलता पाई है। तीन अक्टूबर, 2017 को लोनावला के पास कारला में एकवीरा देवी मंदिर से यह गुंबद चोरी हो गया था।

    एकवीरा देवी ठाकरे परिवार की कुलदेवी मानी जाती हैं। देवी के मंदिर के गुंबद की चोरी ने महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी के लिए असहज स्थिति पैदा कर दी थी।

    बीते 27 मार्च को शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे, उनकी पत्नी रश्मि, बेटे आदित्य और अन्य पार्टी नेताओं ने पहाड़ी पर स्थित इस प्रसिद्ध मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद चुनाव अभियान की शुरुआत की थी।

    पुणे ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक संदीप पाटील ने मीडिया को बताया कि गुंबद चोरी के दो आरोपी राहुल बी. गावांडे और सोमनाथ ए. गावांडे गिरफ्तार किए गए हैं। दोनों पड़ोसी जिले अहमदनगर के धमनगांव के रहने वाले हैं।

    पाटील ने कहा, “हमने सुनहरा गुंबद बरामद कर लिया है, जिसे इन दोनों ने मंदिर के पीछे जंगल में छिपाकर रखा हुआ था। दोनों आरोपी अक्टूबर 2017 में यहां दर्शन के लिए आए थे जब उन्होंने इस अपराध को अंजाम दिया।”

    यह गुंबद पांच धातुओं से मिलकर बना है और इसे एक श्रद्धालु ने दान में दिया था। इसकी कीमत डेढ़ लाख रुपये बताई जाती है।

    सीसीटीवी फूटेज के मुताबिक गुंबद की चोरी तड़के तीन बजे की गई थी। इसके विरोध में अगली सुबह प्रदर्शन हुए थे और बंद रखा गया था।

    By पंकज सिंह चौहान

    पंकज दा इंडियन वायर के मुख्य संपादक हैं। वे राजनीति, व्यापार समेत कई क्षेत्रों के बारे में लिखते हैं।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *