Fri. Apr 19th, 2024
    बिहार में बाढ़

    बिहार में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के दौरे के लिए प्रधानमत्री नरेंद्र मोदी आज दिल्ली से पूर्णिया के लिए प्रातः 11 बजे रवाना होंगे, जहाँ से वे बाढ़ प्रभावित क्षेत्रो का हवाई दौरा करेंगे। इसके बाद वे पटना के लिए रवाना होंगे, जहाँ राज्य के मुख़्यमंत्री नीतीश कुमार से बाढ़ के हालात पर चर्चा करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्यमंत्री आवास जायेंगे, जहाँ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री के सम्मान में भोज का आयोजन किया है। भोज के बाद प्रधानमंत्री दिल्ली के लिए रवाना हो जायेंगे।

    बिहार समेत तीन और राज्यों में बाढ़ के कारण कुल 738 मौतें हो चुकी हैं। बिहार में शुक्रवार को 39 लोगों की मौत हुई जिससे बिहार में कुल मौतों की संख्या बढ़कर 418 हो गई है।

    कुछ दिन पहले बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने जानकारी दी थी कि प्रधानमंत्री 26 अगस्त को बिहार का हवाई दौरा करेंगे।

    बिहार के राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि बाढ़ग्रस्त जिलों में अभी पानी उतर रहा है। अभी भी राज्य के 19 जिलों की 1.61 करोड़ से ज्यादा आबादी बाढ़ से प्रभावित है। बाढ़ की चपेट से मरने वालो की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है।

    बिहार के अलावा अन्य राज्यों में भी हालात काफी गंभीर है। उत्तरप्रदेश के 25 जिलों के 3000 से अधिक गाँवों में 24 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित है जिनमें 70 लोगों की मौत हो चुकी है। करीब 57000 लोगों ने राहत शिविरों में शरण ली हुई है। बाढ़ से पश्चिम बंगाल में 90 और आसाम में 156 लोगों की मौत हो चुकी है।