Fri. Mar 29th, 2024
    निर्मला सीतारमण

    निर्मला सीतारमण ने आज सुबह देश की रक्षा मंत्री का पदभार संभाल लिया। उन्होंने रक्षा मंत्रालय का अतिरिक्त कारभार संभाल रहे वित्त मंत्री अरुण जेटली के बाद यह जिम्मेदारी संभाली है। निर्मला सीतारमण देश की पहली पूर्णकालिक महिला रक्षा मंत्री हैं। मोदी सरकार के कार्यकाल में देश के पूर्णकालिक रक्षा मंत्री बने मनोहर पर्रिकर के गोवा का मुख्यमंत्री बनने के बाद वित्त मंत्री अरुण जेटली रक्षा मंत्रालय का अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहे थे। देश की नई रक्षा मंत्री के सामने सीमा सुरक्षा और सैन्य तैयारियों से जुडी चुनौतियां हैं साथ ही देश का सीमित सैन्य बजट और सैन्य खरीद के मामलों में हो रही देरी भी प्रमुख चुनौतियों में शामिल हैं।

    पदभार संभालते ही गिनाई प्राथमिकताएं

    देश की पहली पूर्णकालिक महिला रक्षा मंत्री बनी निर्मला सीतारमण ने आज सुबह रक्षा मंत्री का पदभार ग्रहण करने के बाद अपनी प्राथमिकताएं गिनाई। उन्होंने कहा कि भारत आज दुनिया के रक्षा सामग्री खरीददार देशों की सूची में अग्रणी स्थान पर है। हालाँकि अब कई रक्षा उत्पाद भारत में भी बन रहे हैं लेकिन हमें इनकी तकनीकी और विकास में अभी और सुधार की जरुरत है। उन्होंने कहा कि भारत में जो रक्षा उत्पादक कंपनियां काम कर रही हैं उनकी विश्व बाजार पर भी नजर होगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों की वजह से देश में रक्षा क्षेत्र में 100 फ़ीसदी प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) संभव हो सका है और इस वजह से आज विश्व की सभी प्रमुख रक्षा कंपनियां भारत में निवेश करना चाहती है। उन्होंने सैनिकों और उनके परिवार के कल्याण के साथ-साथ सैन्य तैयारियों में सुधार की जरुरत की बात भी कही।

    निर्मला सीतारमण

    जेटली के जापान दौरे की वजह से हुई देरी

    निर्मला सीतारमण को देश का नया पूर्णकालिक रक्षा मंत्री बनाने की घोषण रविवार को मोदी मन्त्रिमण्डल विस्तार में ही हो गई थी लेकिन अरुण जेटली का बतौर रक्षा मंत्री जापान का दौरा पहले से ही प्रस्तावित था। ऐसे में रक्षा मंत्री का कार्यभार संभालने के लिए निर्मला सीतारमण को अरुण जेटली के जापान से लौटने का इंतजार करना पड़ा। अरुण जेटली बतौर रक्षा मंत्री जापान में एक प्रमुख सुरक्षा बातचीत में शामिल होने गए थे। यह दौरा पहले से ही प्रस्तावित था और व्यवस्थागत दिक्कतों की वजह से इसे टाला नहीं जा सकता था।

    देश की पहली पूर्णकालिक रक्षा मंत्री हैं निर्मला सीतारमण

    आखिरकार देश को एक पूर्णकालिक रक्षा मंत्री मिल ही गया। अभी तक वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय का कार्यभार देख रही निर्मला सीतारमण को देश का नया रक्षा मंत्री बनाया गया है। वह पहली महिला है जो पूर्णकालिक तौर पर इस पद की जिम्मेदारी संभाल रही हैं। उनसे पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली रक्षा मंत्रालय की अतिरिक्त जिम्मेदारी संभाल रहे थे। निर्मला सीतारमण देश की पहली पूर्णकालिक महिला रक्षा मंत्री हैं। उनके अलावा पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गाँधी ने 1975 और 1980-82 तक रक्षा मंत्रालय अपने पास रखा था। निर्मला सीतारमण तमिलनाडु से हैं और उनकी शादी आंध्र प्रदेश में हुई है। ऐसे में भाजपा नेतृत्व उन्हें रक्षा मंत्री का अहम पद देकर दक्षिण भारत में अपने आधार को और मजबूती देना चाहता है।

    निर्मला सीतारमण और पीएम मोदी

    By हिमांशु पांडेय

    हिमांशु पाण्डेय दा इंडियन वायर के हिंदी संस्करण पर राजनीति संपादक की भूमिका में कार्यरत है। भारत की राजनीति के केंद्र बिंदु माने जाने वाले उत्तर प्रदेश से ताल्लुक रखने वाले हिमांशु भारत की राजनीतिक उठापटक से पूर्णतया वाकिफ है।मैकेनिकल इंजीनियरिंग में स्नातक करने के बाद, राजनीति और लेखन में उनके रुझान ने उन्हें पत्रकारिता की तरफ आकर्षित किया। हिमांशु दा इंडियन वायर के माध्यम से ताजातरीन राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर अपने विचारों को आम जन तक पहुंचाते हैं।