Fri. Apr 19th, 2024
    पीएम मोदी और जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे

    जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे अपने दो दिवसीय दौरे पर भारत में हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने जापानी समकक्ष से बहुत ही गर्मजोशी से मिले और दोनों ने संयुक्त रूप से अहमदाबाद में मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट बुलेट ट्रेन परियोजना की आधारशिला रखी। इसके बाद दोनों ने साबरमती रिवर फ्रंट पर कुछ वक्त बिताया। तत्पश्चात दोनों महात्मा गाँधी के साबरमती आश्रम भी गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शिंजो आबे ने इसके बाद अहमदाबाद की संस्कृति का प्रतिनिधित्व करती प्रसिद्ध प्राचीन सिदी सैयद मस्जिद का भ्रमण किया। यह पहला मौका था जब प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी ने किसी मस्जिद का दौरा किया था। उनके इस कदम की अखिल भारतीय हिन्दू महासभा ने आलोचना की है।

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा उठाए गए इस कदम को हिन्दू महासभा ने भारतीय संस्कृति के खिलाफ करार दिया है और कहा है कि प्रधानमंत्री के इस कदम से देश के हिन्दुओं को ठेस पहुँची है। हिन्दू महासभा ने प्रधानमंत्री को चेताया है कि देश के 125 करोड़ हिन्दू इस कदम के लिए उन्हें माफ नहीं करेंगे। अखिल भारतीय हिन्दू महासभा के महासचिव मुन्ना कुमार शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जापानी प्रधानमंत्री शिंजो आबे के साथ सोमनाथ मंदिर, द्वारका और ज्योतिर्लिंग जाना चाहिए था। आगे शर्मा ने कहा कि भारत एक हिन्दू राष्ट्र है और प्राचीन काल से ही सम्पूर्ण विश्व में भारत को हिन्दू राष्ट्र के रूप में जाना जाता है। शिव, राम और कृष्णा हमारी संस्कृति के प्रतीक है और यह बात हर भारतवासी के जेहन में होनी चाहिए।

    हिन्दू महासभा के राष्ट्रीय महासचिव मुन्ना कुमार शर्मा ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जापानी प्रधानमंत्री को गुजरात के भव्य मंदिरों के दर्शन कराने चाहिए थे। ऐसा ना करके उन्होंने हिन्दू विरोधी और भारतीय संस्कृति विरोधी काम किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने यह कदम गुजरात विधानसभा चुनावों के मद्देनजर उठाया है लेकिन वह कांग्रेस की गलती दोहरा रही है। अल्पसंख्यक तुष्टीकरण की राजनीति करने के कारण ही आज कोंग्रेस की यह दशा हुई है और अब भाजपा भी वही रवैया अपना रही है। अगर ऐसा रहा तो भाजपा को मिटने में ज्यादा वक्त नहीं लगेगा। उनके इस बयान के बाद गुजरात के साथ-साथ पूरे देश की सियासत गरमा गई है। एक बार फिर यह लगने लगा है कि हिंदुत्व भी धीरे-धीरे फतवावाद की तरफ बढ़ने लगा है और हमारे मजहबी फैसलों पर इन आकाओं का हस्तक्षेप बढ़ने लगा है।

    जापानी प्रधानमंत्री शिंजो आबे अपनी दो दिवसीय यात्रा पर भारत में हैं। उन्होंने अहमदाबाद में बुलेट ट्रेन परियोजना की नींव रखी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दूरदर्शी बताया। उन्होंने “जय इंडिया, जय जापान” का नारा भी दिया है और कहा है कि बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट 2022 तक पूरा हो जाएगा। शिंजो आबे ने बताया कि जापान से 100 इंजीनियरों की टीम भारत आई हुई है और वह इस परियोजना पर जुटी हुई है। उन्होंने जापानी बुलेट ट्रेन को दुनिया में सबसे सुरक्षित बताया और कहा कि जब वह अगली बार भारत आएंगे तो बुलेट ट्रेन में सफर करेंगे। इसके पश्चात नरेंद्र मोदी और शिंजो आबे वाराणसी के लिए रवाना हो गए जहां वह गंगा आरती में शामिल होंगे।

     

    By हिमांशु पांडेय

    हिमांशु पाण्डेय दा इंडियन वायर के हिंदी संस्करण पर राजनीति संपादक की भूमिका में कार्यरत है। भारत की राजनीति के केंद्र बिंदु माने जाने वाले उत्तर प्रदेश से ताल्लुक रखने वाले हिमांशु भारत की राजनीतिक उठापटक से पूर्णतया वाकिफ है।मैकेनिकल इंजीनियरिंग में स्नातक करने के बाद, राजनीति और लेखन में उनके रुझान ने उन्हें पत्रकारिता की तरफ आकर्षित किया। हिमांशु दा इंडियन वायर के माध्यम से ताजातरीन राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर अपने विचारों को आम जन तक पहुंचाते हैं।