Wed. Apr 24th, 2024
    राहुल गाँधी

    कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गाँधी आज महाराष्ट्र के दौरे पर हैं। महाराष्ट्र के मराठवाड़ा के नांदेड़ में किसानों की रैली को सम्बोधित करते हुए राहुल गाँधी ने कहा कि देश को सिर्फ उद्योगपतियों की ही जरुरत नहीं है, देश को किसानों की भी जरूरत है। महाराष्ट्र सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पिछले 3 सालों में महाराष्ट्र में 900 किसान आत्महत्या कर चुके हैं और सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी है। कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा कि सिर्फ उद्योगपतियों के सहारे ही यह देश नहीं चल सकता है। देश को किसानों की जरुरत है और सरकार को उनके हिट में सोचना होगा। राहुल गाँधी आज सुबह तकरीबन 11 बजे नांदेड़ पहुँचे। नांदेड़ में आगामी अक्टूबर के मध्य में निकाय चुनाव प्रस्तावित है। इस लिहाज से राहुल गाँधी का यह दौरा महत्वपूर्ण है।

    पिछले कुछ दिनों से कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गाँधी राष्ट्रीय राजनीति में लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं। नॉर्वे के दौरे से लौटने के बाद वह लगातार देशभर में पार्टी को मजबूत करने में जुटे हुए हैं। बीते दिनों वह गुजरात विधानसभा चुनावों की तैयारियों का जायज लेने और संवाद सम्मलेन में हिस्सा लेने अहमदाबाद गए थे। गुजरात से लौटकर उन्होंने दिल्ली स्थित अपने आवास पर बिहार कांग्रेस के सभी विधायकों से निजी तौर पर मुलाकात कर बिहार कांग्रेस में उठ रही बगावत की वजह जानने की कोशिश की। इसी कड़ी में आज कांग्रेस उपाध्यक्ष महाराष्ट्र दौरे पर हैं। वह यहाँ मराठवाड़ा क्षेत्र के नांदेड़ और परभानी जिलों का दौरा करेंगे। कांग्रेस उपाध्यक्ष नांदेड़ पहुँच चुके हैं और उन्होंने कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उन्हें सम्बोधित भी किया। इसके पश्चात् वह सड़क मार्ग से परभानी के लिए रवाना हुए। वह परभानी में किसानों की रैली को सम्बोधित करेंगे।

    कांग्रेस के गढ़ पहुँचे “युवराज”

    नांदेड़ को महाराष्ट्र में कांग्रेस का गढ़ माना जाता है। अक्टूबर के मध्य में यहाँ निकाय चुनाव होने हैं। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गाँधी अपने दौरे के दौरान यहाँ स्थानीय निकाय चुनाव लड़ने वालों, पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, ब्लॉक अध्यक्षों और मराठवाड़ा के जिला अध्यक्षों से मुलाकात की। इसके पश्चात राहुल गाँधी सड़क मार्ग से ही परभानी के लिए रवाना हुए। परभानी नांदेड़ से 2 घंटे की दूरी पर स्थित है। वह रास्ते में गाँव वालों और किसानों से मुलाकात करते हुए जायेंगे। इस दौरान राहुल गाँधी के साथ महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष अशोक चव्हाण समेत पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण, महाराष्ट्र के कांग्रेस विधायक, सांसद और पार्टी पदाधिकारी भी मौजूद हैं।

    कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गाँधी मराठवाड़ा क्षेत्र के किसानों की ऋणमाफी और आत्महत्या को लेकर आवाज उठाएंगे। राहुल गाँधी क्षेत्र के किसानों से सीधा संवाद करेंगे और उनकी समस्याएं सुनेंगे। वह दोपहर 2 बजे के करीब परभानी में किसानों की संघर्ष सभा की रैली को सम्बोधित भी करेंगे। सूखा प्रभावित मराठवाड़ा में इस वर्ष अब तक 100 से अधिक किसान आत्महत्या कर चुके हैं और किसानों की बढ़ती आत्महत्याओं को रोकने के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयास नाकाफी साबित हो रहे हैं। राहुल गाँधी इस मुद्दे को लेकर केंद्र की मोदी सरकार और महाराष्ट्र की भाजपा सरकार की नीतियों पर हमला बोल सकते हैं।

    By हिमांशु पांडेय

    हिमांशु पाण्डेय दा इंडियन वायर के हिंदी संस्करण पर राजनीति संपादक की भूमिका में कार्यरत है। भारत की राजनीति के केंद्र बिंदु माने जाने वाले उत्तर प्रदेश से ताल्लुक रखने वाले हिमांशु भारत की राजनीतिक उठापटक से पूर्णतया वाकिफ है।मैकेनिकल इंजीनियरिंग में स्नातक करने के बाद, राजनीति और लेखन में उनके रुझान ने उन्हें पत्रकारिता की तरफ आकर्षित किया। हिमांशु दा इंडियन वायर के माध्यम से ताजातरीन राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर अपने विचारों को आम जन तक पहुंचाते हैं।